Bandar OTT Release Date 2026: बॉबी देओल और अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ की ओटीटी रिलीज डेट आ गई है। यह फिल्म रेप के आरोप में फंसे एक एक्टर की कहानी है, जो मीडिया ट्रायल और सामाजिक दबाव को दिखाती है।
बॉबी देओल और अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ अब सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म ने बड़े पर्दे पर खास चर्चा बटोरी थी और अब मेकर्स ने इसकी डिजिटल रिलीज डेट भी तय कर दी है। अगर आप इस फिल्म को थिएटर में देखने से चूक गए हैं, तो अब जल्द ही इसे घर बैठे देख सकेंगे। ‘बंदर’ 28 अगस्त 2026 से जी5 पर स्ट्रीम होगी।
28 अगस्त को ओटीटी पर आएगी ‘बंदर’
बॉबी देओल की ‘बंदर’ का ओटीटी प्रीमियर 28 अगस्त को होने जा रहा है। जी5 ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म की डिजिटल रिलीज का ऐलान किया है। यानी 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म करीब तीन महीने बाद ओटीटी दर्शकों तक पहुंच रही है। फिल्म पहले टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में दिखाई गई थी, जिसके बाद भारत में इसकी थिएटर रिलीज हुई। शुरुआत में फिल्म को 22 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदलकर 5 जून कर दी गई थी।
और पढ़ें - तृप्ति डिमरी ने दीपिका पादुकोण को किया रिप्लेस, ‘स्पिरिट’ फिल्म में क्यों हुया फेरबदल
क्या है ‘बंदर’ की कहानी?
अनुराग कश्यप की यह फिल्म एक ऐसे टीवी एक्टर समर मेहरा की कहानी है, जिसका करियर ढलान पर है। उसकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसकी पूर्व प्रेमिका उस पर रेप का आरोप लगा देती है। आरोप लगते ही समर कानूनी पचड़े में फंस जाता है और जेल पहुंच जाता है। इसके बाद कहानी सिर्फ कोर्ट और कानून तक सीमित नहीं रहती, बल्कि मीडिया ट्रायल, सोशल जजमेंट और लोगों की राय उसकी जिंदगी को और मुश्किल बना देती है। फिल्म इसी सवाल को सामने रखती है कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगने के बाद क्या समाज फैसला सुनाने में कानून से भी आगे निकल जाता है?

बॉबी देओल का दिखा बिल्कुल अलग अंदाज
‘बंदर’ में बॉबी देओल ने अपने अब तक के कई चर्चित किरदारों से बिल्कुल अलग भूमिका निभाई है। समर के किरदार में उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर देखा गया है, जो आरोप लगने के बाद मानसिक और सामाजिक दबाव से जूझता है। बॉबी ने इस किरदार को अपने लिए काफी चुनौतीपूर्ण बताया था। उनके मुताबिक, इस भूमिका के लिए उन्हें अपनी झिझक छोड़कर अनुराग कश्यप के विजन पर पूरी तरह भरोसा करना पड़ा।
सान्या मल्होत्रा समेत ये फिल्म में दिखेंगे ये सितारे
फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, राज बी. शेट्टी, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत सुकुमारन और ऋद्धि सेन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखा है।
और पढ़ें - गोविंदा से 15 साल से अलग रह रही हैं सुनीता आहूजा, बोलीं- ‘नाराजगी 100% लेकिन आज भी प्यार...’
#MeTooForMen के मुद्दे को छूती है फिल्म
‘बंदर’ की कहानी को #MeTooForMen की बहस से भी जोड़कर देखा गया है। फिल्म यह सवाल उठाती है कि अगर किसी पुरुष पर गंभीर आरोप लग जाए तो उसके बाद समाज, मीडिया और सोशल मीडिया का रवैया उसकी जिंदगी को किस तरह प्रभावित कर सकता है। अनुराग कश्यप ने फिल्म को ऐसे सवाल उठाने वाली कहानी बताया था, जिन पर समाज अक्सर असहज महसूस करता है। फिल्म का मकसद किसी आसान जवाब के बजाय दर्शकों को सही और गलत के बीच मौजूद ग्रे एरिया पर सोचने के लिए मजबूर करना है।
थिएटर में नहीं चला जादू, अब ओटीटी से उम्मीद
‘बंदर’ को समीक्षकों से मिश्रित प्रतिक्रिया मिली और बॉबी देओल की एक्टिंग की तारीफ भी हुई। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और भारत में इसकी नेट कमाई करीब 4.2 करोड़ रुपये रही। अब फिल्म की असली पहुंच ओटीटी पर बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे दर्शक जो थिएटर में इसे नहीं देख पाए, वे 28 अगस्त से जी5 पर ‘बंदर’ देख सकेंगे। खास बात यह है कि फिल्म की डार्क कहानी, बॉबी देओल का अलग अवतार और अनुराग कश्यप का निर्देशन इसे ओटीटी पर एक दिलचस्प वॉच बना सकता है।
