शिल्पा शेट्टी सुर्खियों में बनी हुई है। अब फिर से उनकी चर्चा हो रही है। दरअसल, उनका बेंगलुरु वाला बैस्टियन रेस्टोरेंट विवादों में आ गया है। मीडिया में चल रही रिपोर्ट्स की मानें तो उनके रेस्टोरेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। जानते हैं पूरा मामला…

शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। 60 करोड़ के फ्रॉड केस के बीच अब वे फिर से एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। इस बार शिल्पा अपने बेंगलुरु वाले बैस्टियन रेस्टोरेंट विवाद की वजह से मुश्किलों में आ गई हैं। सामने आ रही रिपोर्ट्स की मानें तो बेंगलुरु पुलिस ने उनके रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की है और मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज किया है। आखिर क्या हुआ शिल्पा के रेस्टोरेंट में, आइए जानते हैं डिटेल में...

क्या है शिल्पा शेट्टी का बैस्टियन रेस्टोरेंट विवाद

शिल्पा शेट्टी फेमस एक्ट्रेस के साथ सफल बिजनेसवुमन भी हैं। मुंबई, गोवा, बेंगलुरु और अन्य सिटीज में उनके बस्टियन रेस्टोरेंट की चेन है। इसी बीच खबर आ रही है कि शिल्पा के बेंगलुरु वाले रेस्टोरेंट को लेकर विवाद हो गया है। बताया जा रहा है कि बैस्टियन के खिलाफ तय समय से ज्यादा देर तक खुले रहने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। रिपोर्ट्स की मानें तो बैस्टियन 11 दिसंबर को निर्धारित समय से ज्यादा वक्त तक यानी रात 1.30 बजे तक खुला रहा। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में रेस्टोरेंट के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बता दें कि बैस्टियन सिटी के सेंट मार्क रोड पर स्थित है, इसलिए शिकायत क्यूबॉन पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। वहीं, इसी साल सितंबर में ये अटकलें लगाई जा रही थीं कि शिल्पा का मुंबई के बांद्रा स्थित बैस्टियन बंद हो रहा है। हालांकि, बाद में उन्होंने खुलासा किया कि बैस्टियन को अम्माकाई नाम के एक साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में बदला जा रहा हैं और इसे जुहू में बैस्टियन बीच क्लब के नाम से शिफ्ट कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें... अक्षय कुमार इस डायरेक्टर संग 15 साल बाद करेंगे कॉमेडी फिल्म, स्क्रिप्ट रेडी-शूटिंग जल्दी

शिल्पा शेट्टी का 60 करोड़ का धोखाधड़ी मामला

शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर मुंबई के एक कारोबारी से लोन कम इन्वेस्टमेंट डील में 60.4 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामला भी दर्ज किया है। बता दें कि कारोबारी दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि शिल्पा और राज ने मिलकर उनसे 60 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की। उन्होंने दावा किया कि 2015 से 2023 के बीच कारोबार बढ़ाने के नाम पर दी गई रकम वास्तव में पर्सनल कामों पर खर्च कर दी गई।