नेशनल अवॉर्ड विजेता मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का मुंबई में निधन। फिल्म इंडस्ट्री और राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक।

नेशनल अवॉर्ड विजेता मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का निधन हो गया है। शनिवार (10 मई) को उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। हालांकि, अभी तक जानकारी सामने नहीं आई है कि उनकी मौत की वजह क्या है। लेकिन उनके निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। यहां तक कि राजनीति से जुड़े लोग भी उनके जाने से सदमे में हैं। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया के जरिए विक्रम गायकवाड़ के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने उन्हें मेकअप की दुनिया का जादूगर बताया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विक्रम गायकवाड़ के निधन पर एकनाथ शिंदे ने जताया शोक

एकनाथ शिंदे ने X पर विक्रम गायकवाड़ के निधन पर शोक जताते हुए लिखा है, "विक्रम गायकवाड़ के निधन से हमने एक ऐसे माहिर कलाकार को खो दिया है, जिसका भारतीय सिनेमा और थिएटर में अतुलनीय योगदान रहा है। अपनी और शिवसेना पार्टी की ओर से मैं भावुक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"

Scroll to load tweet…

विक्रम गायकवाड़ ने कई फिल्मों के लिए किया था काम

विक्रम गायकवाड़ हिंदी और मराठी सिनेमा और थिएटर के दिग्गज मेकअप आर्टिस्ट थे। बताया जाता है कि बतौर मेकअप आर्टिस्ट उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म 'सरदारी बेगम' से की थी, जो 1996 में रिलीज हुई थी और किरण खेर, अमरीश पुरी, रजित कपूर और राजेश्वरी सचदेव की अहम् भूमिका थी। बाद में उन्होंने 2001 में आई 'जुबैदा', 2003 में रिलीज हुई 'मकबूल', 2006 में रिलीज हुई 'रंग दे बसंती', 2009 में आई 'दिल्ली 6', '3 इडियट्स', 2010 में आई 'पीपली लाइव', 2012 में रिलीज हुई 'फरारी की सवारी', 2013 में आई 'भाग मिल्खा भाग', 2014 में रिलीज हुई 'पीके', 2016 में रिलीज हुई 'एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी', 'दंगल', 2018 में आई 'संजू', 'केदारनाथ', 2019 में रिलीज हुई 'उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक', , सुपर 30', 2021 में आई '83' और 2023 में रिलीज हुई 'आदिपुरुष' जैसी फिल्मों में बतौर मेकअप आर्टिस्ट काम किया था। वे 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के मेकअप आर्टिस्ट भी थे। वे 'छत्रपति शिवाजी महाराज' की जिंदगी पर बेस्ड थिएटर शो 'जाणता राजा' मेकअप आर्टिस्ट भी रहे थे। 2013 में उन्हें एक बंगाली फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।