अजय देवगन स्टारर 'धमाल 4' ने दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। 12वें दिन फिल्म की कमाई में उछाल आया और अब अगला बड़ा रिकॉर्ड निशाने पर है।

अजय देवगन स्टारर 'धमाल 4' दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। वीकडे में सामान्य गिरावट के बाद फिल्म ने 12वें दिन फिर रफ्तार पकड़ ली, जिससे इसकी मजबूत पकड़ साफ दिखाई दे रही है। क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' जैसी बड़ी हॉलीवुड रिलीज से प्रीमियम स्क्रीन शेयर करने के बावजूद फैमिली ऑडियंस का सपोर्ट फिल्म को लगातार मिल रहा है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म एक और बड़े मुकाम की ओर बढ़ रही है, जबकि दुनियाभर में भी इसका कारोबार लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है।

12वें दिन बॉक्स ऑफिस पर कितना रहा 'धमाल 4' का कलेक्शन?

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 'धमाल 4' ने रिलीज के 12वें दिन 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह 11वें दिन के मुकाबले करीब 23.1% की बढ़ोतरी है। 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार फिल्म का कलेक्शन लगभग 3.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 131.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं भारत में ग्रॉस कलेक्शन 156.80 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

धमाल 4 का डे वाइज कलेक्शन

पहला दिन : 14 करोड़ रुपये

पहला वीकेंड : 65 करोड़ रुपये

पहला हफ्ता : 96 करोड़ रुपये

दूसरा वीकेंड : 28.5 करोड़ रुपये

दूसरा सोमवार : 3.25 करोड़ रुपये

दूसरा मंगलवार : 4 करोड़ रुपये

अब तक का नेट कलेक्शन : 131.75 करोड़ रुपये

वर्ल्डवाइड भी जारी है 'धमाल 4' का शानदार प्रदर्शन

घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म की कमाई जारी है। 12वें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 0.40 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन जोड़ा। अब फिल्म का कुल विदेशी ग्रॉस 22.30 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 179.10 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। अब यह फिल्म दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन की ओर बढ़ रही है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। इसके लिए इसे 20.90 करोड़ रुपये और कमाने हैं, जो यह आसानी से कलेक्ट कर सकती है।

'धमाल 4' की कहानी और स्टारकास्ट क्या है?

निर्देशक इंद्र कुमार की 'धमाल 4' साल 2007 में शुरू हुई लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। फिल्म में खजाने की तलाश, गलतफहमियां, स्लैपस्टिक कॉमेडी और मजेदार घटनाओं का तड़का देखने को मिलता है। स्टारकास्ट में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन, उपेंद्र लिमये, संजीदा शेख और अंजलि आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।