Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत के 6 साल बाद केस में क्या बदला? सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े इस चर्चित मामले की पूरी कहानी और अब तक के बड़े अपडेट जानिए।
Disha Salian Case Latest Update: दिशा सालियान की मौत का मामला पिछले 6 साल से देश के सबसे चर्चित और विवादित मामलों में रहा है। दिशा सालियान बॉलीवुड में सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम करती थीं और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर भी रही थीं। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके ठीक 6 दिन बाद, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए। दोनों घटनाओं के बीच कुछ दिनों का अंतर होने के कारण सोशल मीडिया पर दोनों मामलों को जोड़कर कई तरह के दावे किए जाने लगे। आइए जानते हैं इस केस में क्या-क्या हुआ...
8 जून 2020 की रात क्या हुआ था?
दिशा सालियान मुंबई में रहती थीं। 8 जून 2020 की रात वह मलाड स्थित एक ऊंची इमारत में थीं। पुलिस के मुताबिक- वह इमारत की 14वीं मंजिल से नीचे गिरीं और उनकी मौत हो गई। मुंबई पुलिस ने शुरुआत में इस मामले में Accidental Death Report यानी ADR दर्ज की थी। बाद की पुलिस जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना गया और पुलिस ने किसी आपराधिक साजिश या हत्या के सबूत नहीं मिलने की बात कही।
फिर यह मामला इतना बड़ा क्यों बन गया?
दिशा की मौत के कुछ ही दिनों बाद सुशांत सिंह राजपूत की मौत हो गई। सुशांत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की थ्योरी सामने आईं। इनमें एक दावा यह भी था कि दिशा और सुशांत की मौत के बीच कोई संबंध हो सकता है। कुछ लोगों ने दिशा की मौत को हत्या बताया और कुछ ने दावा किया कि दोनों मामलों के पीछे पावरफुल लोगों का हाथ था। जांच एजेंसियों को दोनों मौतों के बीच आपराधिक कनेक्शन का ठोस सबूत मिलने की बात सामने नहीं आई।
ये भी पढ़ें- Swara Bhasker Controversies: कभी ‘पद्मावत’ तो कभी CAA-NRC, इन विवादों से खूब सुर्खियों में रहीं एक्ट्रेस
सुशांत केस की CBI जांच हुई, लेकिन दिशा का मामला अलग रहा
सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच बाद में CBI को सौंप दी गई। लेकिन दिशा सालियान की मौत का मामला लंबे समय तक मुंबई पुलिस के पास ही रहा। यही वजह है कि दोनों मामलों को लेकर सवाल उठते रहे। 2023 में महाराष्ट्र विधानसभा में इस मामले को फिर उठाया गया। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने दिशा सालियान की मौत की जांच के लिए Special Investigation Team यानी SIT बनाई। SIT ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की।
SIT ने क्या पाया?
2026 में सामने आई जानकारी के अनुसार- मुंबई पुलिस की SIT की जांच पुराने नतीजों के अनुरूप रही और उसने दिशा की मौत में किसी तरह की आपराधिक साजिश या फाउल प्ले के सबूत नहीं पाए। दिशा के पिता सतीश सालियान ने SIT रिपोर्ट को स्वीकार नहीं किया। यहीं से मामले ने एक बार फिर नया मोड़ लिया।
दिशा के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
सतीश सालियान ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ अपराध हुआ और उसकी हत्या की गई। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करने और CBI से जांच कराने की मांग की। उनकी याचिका में कुछ राजनीतिक लोगों के नाम भी सामने आए।
ये भी पढ़ें- Disha Salian Case: 6 साल बाद बड़ा फैसला! बॉम्बे HC ने CBI जांच और FIR का दिया आदेश, कोर्ट ने क्या कहा?
आदित्य ठाकरे का नाम क्यों आया?
इस केस की राजनीतिक चर्चा में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे का नाम भी सामने आया। उनके खिलाफ दिशा के पिता की ओर से आरोप लगाए गए और जांच की मांग की गई। आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों को खारिज किया।
बॉम्बे हाई कोर्ट में क्या हुआ?
2025 में दिशा के पिता ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया। उनका कहना था कि मामले में सही तरीके से FIR दर्ज नहीं की गई और जांच को नए सिरे से किया जाना चाहिए। अगस्त 2026 में सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पुलिस की जांच और मामले को लंबे समय तक लंबित रखने पर सवाल उठाए। कोर्ट ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों को लेकर भी सवाल किए।
अब 2026 में आया सबसे बड़ा मोड़
2 सितंबर 2026 को बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिशा सालियान की मौत की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया। कोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने, उचित अधिकारी नियुक्त करने और मामले की जांच करने को कहा है। साथ ही मुंबई पुलिस को केस से जुड़े रिकॉर्ड CBI को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
