Divyanka Tripathi newborn twins :1. दिव्यांका त्रिपाठी की डिलीवरी कब हुई? 2. दिव्यांका त्रिपाठी ने अपने बच्चों के जन्म की खुशखबरी देते हुए क्या लिखा? 3. दिव्यांका त्रिपाठी ने कितने महीने तक अपनी प्रेग्नेंसी की खबर छुपाई थी। 4. दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दाहिया की शादी कब हुई थी?
टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के घर खुशियों ने दस्तक दे दी है। दोनों जुड़वां बेटों के माता-पिता बन गए हैं। कपल ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर कर यह खुशखबरी फैंस के साथ साझा की। पोस्ट में दोनों ने लिखा कि उन्होंने खुशियां मांगी थीं और भगवान ने उन्हें डबल खुशियां दे दीं। इस अनाउंसमेंट के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई है। लंबे समय तक अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने वाले दिव्यांका और विवेक अब पैरेंटहुड के नए और बेहद खास सफर की शुरुआत कर चुके हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट से दी खुशखबरी
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने अपने जुड़वां बेटों के जन्म की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। कपल ने लिखा, “हमने खुशियां मांगी थीं। भगवान ने कहा, ‘डबल ले लो।’ जुड़वां बेटों का आशीर्वाद मिला है।” विवेक दहिया ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। ‘द बॉयज़’ आ गए हैं और जिंदगी अब हमारी कल्पना से भी ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण अर्जुन आ गए! दिव और मैं जिंदगी के इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं, हमें आपका प्यार और आशीर्वाद चाहिए।”
छह महीने तक छिपाई थी प्रेग्नेंसी
कुछ महीने पहले ही दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि की थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि दोनों ने करीब छह महीने तक यह खबर छिपाकर रखी। दिव्यांका ने कहा था, “हमने पूरे छह महीने तक इसे छिपाकर रखा।” उन्होंने यह भी बताया था कि वह और विवेक अब परिवार शुरू करना चाहते थे और जब यह खुशखबरी मिली तो दोनों परिवार बेहद उत्साहित हो गए।
कम पब्लिक अपीयरेंस से बची चर्चा
एक बातचीत में दिव्यांका ने बताया था कि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने बेहद कम सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया, जिससे प्रेग्नेंसी की खबर बाहर नहीं आई। उन्होंने कहा था, “मैं पिछले छह महीनों में लगभग घर से बाहर ही नहीं निकली।” हालांकि बाद में विवेक दहिया एक इवेंट में पहुंचे, जहां दोस्तों ने दिव्यांका की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल पूछने शुरू किए। इसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गईं।
‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की मुलाकात टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। दोनों ने 8 जुलाई 2016 को शादी की थी। शादी के बाद से ही यह कपल टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा जोड़ों में गिना जाता है। दोनों हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखते आए हैं। अब जुड़वां बेटों के जन्म के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी का यह सबसे बड़ा और खास पल फैंस के साथ साझा किया है।
