2026 में सिर्फ दो बॉलीवुड फिल्मों ने हिट का तमगा पाया है। ‘धुरंधर 2’ सबसे आगे है, जबकि ‘आवारापन 2’ सुपरहिट बनकर भी नंबर 1 से दूर है। देखना यह है कि यह नं. 1 बन पाएगी या नहीं।
बॉलीवुड के लिए 2026 अब तक बॉक्स ऑफिस के लिहाज से बहुत शानदार साल नहीं रहा है। हालांकि, इस साल रिलीज हुई फिल्मों में धुरंधर 2 और आवारापन 2 ने अपनी अलग पहचान बनाई है। जहां रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 2 ने अपनी लागत के मुकाबले जबरदस्त मुनाफा कमाकर सुपर-डुपर हिट का दर्जा हासिल किया, वहीं इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की आवारापन 2 भी सुपरहिट बन चुकी है। 6 दिनों के कलेक्शन के बाद फिल्म 100 करोड़ रुपए के आंकड़े से आगे निकल चुकी है है। अब सवाल यह है कि क्या 'आवारापन 2' मुनाफे के मामले में 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़कर 2026 की सबसे बड़ी हिट बन पाएगी?
धुरंधर 2 की बॉक्स ऑफिस सफलता कितनी बड़ी रही?
कोइमोइ डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक़, 'धुरंधर 2' ने 2026 में बॉलीवुड की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में अपनी जगह पक्की कर ली है। रणवीर सिंह, आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी स्टारर इस स्पाई-एक्शन थ्रिलर सीक्वल को कथित तौर पर 225 करोड़ रुपए के बजट में बनाया गया था। फिल्म ने भारत में अपने लाइफटाइम रन के दौरान 1,186.32 करोड़ रुपए नेट कलेक्शन किया। यानी फिल्म ने अपनी लागत के मुकाबले 961.32 करोड़ रुपए का रिटर्न हासिल किया। उपलब्ध आंकड़ों के हिसाब से इसका प्रॉफिट 427.25 फीसदी रहा, जिसके चलते इसे सुपर-डुपर हिट का फैसला मिला।
'आवारापन 2' ने कितनी कमाई के साथ सुपरहिट का तमगा पाया?
दूसरी तरफ इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की 'आवारापन 2' ने 6 दिनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को 2026 की दूसरी बड़ी हिट साबित कर दिया है। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म का कथित बजट 45 करोड़ रुपए है। 6 दिनों में इस फिल्म ने 111.63 करोड़ रुपए नेट कमा लिए हैं। इस तरह इसकी कमाई से 66.63 करोड़ रुपए का रिटर्न हासिल हुआ है। फिल्म का प्रॉफिट 148 फीसदी से ज्यादा बताया जा रहा है, जिसके आधार पर इसे सुपरहिट का फैसला मिला है। अगर इसका प्रॉफिट 150 फीसदी के पार पहुंचता है, तो फिल्म सुपर-डुपर हिट बन जाएगी।
क्या ‘आवारापन 2’ ‘धुरंधर 2’ को पछाड़ पाएगी?
मुनाफे के मामले में 2026 में दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनी 'आवारापन 2' के सामने सबसे बड़ी चुनौती 'धुरंधर 2' है, जो पहले पायदान पर है। मौजूदा आंकड़ों के आधार पर 'आवारापन 2' को 'धुरंधर 2' के मुनाफे को पार करने के लिए करीब 240 करोड़ रुपए की लाइफटाइम इंडिया नेट कमाई करनी होगी। फिल्म फिलहाल मजबूत रफ्तार से आगे बढ़ रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसे यश की टॉक्सिक से हिंदी बेल्ट में मुकाबला करना होगा। ऐसे में दूसरे वीकेंड पर फिल्म की पकड़ और आगे की कमाई यह तय करेगी कि वह 200 करोड़ रुपए के क्लब तक पहुंच पाती है या नहीं।
हालांकि, दिए गए मौजूदा आंकड़ों और अनुमान के मुताबिक 240 करोड़ रुपए तक पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में धुरंधर 2 के 2026 की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म के रूप में नंबर 1 पर बने रहने की संभावना है।
