तेलुगु एक्ट्रेस फारिया अब्दुल्ला ने बोनालु में शामिल होने पर हुई ट्रोलिंग का करार जवाब दिया। काफिर कहे जाने पर उन्होंने रोते हुए प्यार, एकता और शांति को अपनी सोच बताया।
तेलुगु एक्ट्रेस फारिया अब्दुल्ला इन दिनों अपने एक भावुक बयान को लेकर चर्चा में हैं। 10 अगस्त को हैदराबाद के बोनालु समारोह में शामिल होने और मीरालम मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री महाकालेश्वर अम्मावारी मंदिर जाने के बाद उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें एक्ट्रेस बोनम लेकर डांस करती नजर आई थीं। हालांकि, इसके बाद कुछ यूजर्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल उठाते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया। अब 15 अगस्त को फारिया ने इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए इस ट्रोलिंग का जवाब दिया। इस दौरान वह रो पड़ीं और अपनी परवरिश, आस्था और इंसानियत को लेकर खुलकर बात की।
बोनालु में शामिल होने पर ट्रोल हुईं फारिया अब्दुल्ला
10 अगस्त को फारिया अब्दुल्ला ने हैदराबाद में बोनालु समारोह में हिस्सा लिया था। उन्होंने मीरालम मंडी के श्री महाकालेश्वर अम्मावारी मंदिर में जाकर बोनम भी उठाया। समारोह के वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने उनकी मुस्लिम पहचान को लेकर सवाल खड़े किए। सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर ट्रोलिंग शुरू हो गई।
ट्रोलिंग पर फारिया अब्दुल्ला ने क्या कहा?
15 अगस्त को शेयर किए भावुक वीडियो में फारिया ने अपने पिता के इस्लाम अपनाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मेरे पापा कन्वर्टेड मुस्लिम हैं भाई। क्या आप समझते हैं इसका क्या मतलब है? उन्होंने इस्लाम अपनाया, क्योंकि उन्हें यह धर्म पसंद आया।” एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने हमेशा इस्लाम के अच्छे पहलुओं को देखा है और उन्हें ट्रोल करने वालों के लिए भी वह अच्छा ही चाहती हैं।
‘काफिर’ कहने वालों को कैसे दिया जवाब?
फारिया ने बताया कि कुछ लोग उन्हें ‘काफिर’ कह रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वह गलत रास्ते पर जा रही हैं। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह नफरत के बदले भी प्यार भेजती रहेंगी। एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें पेड़, पत्थर और तितलियों समेत अपने आसपास की हर चीज में ईश्वर और जिंदगी नजर आती है। यह कहते-कहते फारिया की आंखें छलक आईं। उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं अपने प्यार को लेकर आक्रामक हूं और रहूंगी।” उन्होंने आगे कहा कि वह उन सभी लोगों को भी प्यार भेजेंगी, जो उनसे नफरत कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपने दिल की सच्चाई पर भरोसा है। उन्होंने प्यार, एकता और शांति की कामना को अपनी ‘बगावत’ और ‘क्रांति’ बताया।
मां से अल्लाह के बारे में क्या सीखा?
वीडियो के आखिर में फारिया ने बचपन की एक याद साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी मां से पूछा था कि अल्लाह का मतलब क्या है? उनकी मां ने जवाब दिया था, “इसका मतलब रोशनी है। इसका मतलब हर जगह, सब कुछ, एक साथ है।”
