गोविंदा की कथित गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार ने उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के कमेंट्स पर पलटवार किया है। इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने कई गंभीर बातें कहीं।
एक्टर गोविंदा की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। उनकी कथित गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार ने गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के उन कमेंट्स पर रिएक्शन दिया है, जो उनके रिश्ते को लेकर कही गई थीं। कोमल ने शनिवार, 26 सितंबर को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सुनीता पर निशाना साधते हुए कई तीखे बयान शेयर किए। उन्होंने खुद को ‘घर तोड़ने वाली’ कहे जाने पर भी जवाब दिया और सुनीता से उनका नाम इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। कोमल के इन बयानों के बाद गोविंदा से जुड़े पुराने अफेयर रूमर्स फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि, सुनीता आहूजा की तरफ से कोमल के ताजा बयान पर अभी कोई सार्वजनिक रिएक्शन सामने नहीं आया है।
गोविंदा की कथित गर्लफ्रेंड कोमल रानी ने सुनीता आहूजा से क्या कहा?
कोमल रानी स्वर्णकार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुनीता आहूजा के कमेंट्स का जवाब देते हुए बेहद तीखा बयान साझा किया। उन्होंने लिखा, “जो औरत अपने ही पति को सालों से जान से मारने की कोशिश कर रही हो ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगती।” कोमल का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। हालांकि, उनके बयान में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। इसे कोमल की ओर से किया गया दावा और सुनीता की टिप्पणियों पर उनकी प्रतिक्रिया ही माना जाना चाहिए।
‘घर तोड़ने वाली’ कहे जाने पर कोमल रानी ने क्या जवाब दिया?
कोमल रानी स्वर्णकार ने अपने बयान में आगे लिखा है, "पहले से टूटे हुए घर को कोई भी इंसान बर्बाद नहीं कर सकता। हमारे देश के लोग इतने नासमझ नहीं हैं कि सिर्फ किसी के कहने पर कौए के पीछे भागने लगें कि वह तुम्हारा कान लेकर उड़ गया है। मैं समझ नहीं पा रही कि एक महिला किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां उसे उसे ठीक करने के बजाय अपने दर्द को सबके सामने दिखाने में ज्यादा दिलचस्पी नजर आती है। क्या यह वाकई दर्द है या फिर इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश है?”
कोमल रानी स्वर्णकार ने बिना नाम लिए सुनीता पर लगाए गंभीर आरोप
बकौल कोमल, “किसी पुरुष को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, घर में बैठने और बर्बाद होने पर मजबूर करना, उसे पूरी तरह अकेला कर देना और यहां तक कि उसे मौत के मुहाने तक पहुंचा देना—मैं नहीं मानती कि कोई अच्छी और समर्पित पत्नी अपने पति के साथ ऐसा व्यवहार कर सकती है। क्या ऐसी महिलाएं मानसिक रूप से परेशान हैं, या फिर अपने फायदे के लिए इतनी चालाक हैं कि उन्हें पूरी तरह पता है कि जो बात वे बंद दरवाजों के पीछे हासिल नहीं कर सकीं, उसे सार्वजनिक होकर और लोगों की सहानुभूति हासिल करके पूरा किया जा सकता है?”
एजेंडे के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करें : कोमल रानी स्वर्णकार
कोमल रानी ने सुनीता आहूजा से उनका नाम किसी कथित एजेंडे के लिए इस्तेमाल नहीं करने की अपील भी की। अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा कि भगवान हर “सभ्य” आदमी को “चालाक महिलाओं” से बचाएं। उन्होंने लिखा , "मेरे नाम का इस्तेमाल अपने एजेंडे के लिए करना बंद करें। भगवान हर सभ्य पुरुष को ऐसी चालाक महिलाओं से बचाए।"

गोविंदा और कोमल रानी के अफेयर की अफवाहें कब शुरू हुईं?
गोविंदा और कोमल रानी के कथित अफेयर की अफवाहें इस साल की शुरुआत में सामने आई थीं। बताया गया था कि दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर साथ यात्रा करते हुए देखा गया था, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हुईं। कोमल रानी को गोविंदा की फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार के तौर पर भी जोड़ा जाता है। हालांकि, दोनों के बीच अफेयर की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 1987 में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटा यशवर्धन आहूजा और बेटी टीना आहूजा।
