गोविंदा और सुनीता आहूजा की दूरी के बीच गणपति दर्शन का एक ऐसा नजारा सामने आया, जिसने दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर हवा दे दी। गोविंदा का वीडियो वायरल हो रहा है।

गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच गणपति उत्सव से सामने आया एक नजारा फिर सुर्खियों में है। मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन के लिए दोनों पहुंचे, लेकिन इस बार कहानी में एक ऐसा ट्विस्ट दिखा, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया। दोनों ने एक साथ दर्शन करने के बजाय अलग-अलग समय पर पंडाल का रुख किया। खास बात यह रही कि गोविंदा के साथ एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार भी नजर आईं। ऐसे में लंबे वक्त से चल रही रिश्ते की अटकलों के बीच सोशल मीडिया पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

गोविंदा लालबागचा राजा के दरबार में किसके साथ पहुंचे?

मंगलवार शाम गोविंदा मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार थीं। कोमल साड़ी में ट्रेडिशनल महाराष्ट्रीयन लुक में नजर आईं। दोनों ने गणपति बप्पा के दर्शन किए और कैमरों के सामने साथ में पोज भी दिए। कोमल के साथ गोविंदा की मौजूदगी ने उनकी कथित डेटिंग की चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है।

View post on Instagram
 

सुनीता आहूजा ने अकेले किए गणपति दर्शन

दूसरी ओर, सुनीता आहूजा मंगलवार सुबह ही लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंच गई थीं। उन्होंने बप्पा से अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स और नई शुरुआत के लिए आशीर्वाद मांगा। गोविंदा की गैरमौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा। इससे पहले सुनीता ने घर पर डेढ़ दिन के लिए गणपति स्थापित किए थे। गोविंदा सुबह की आरती में शामिल नहीं हुए थे, जिस पर सुनीता ने कहा था कि वह उनका भी घर है और जब चाहें वहां आ सकते हैं।

View post on Instagram
 

रक्षा बंधन से गणपति तक दिखी दूरी

गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में दूरी की चर्चाएं सिर्फ गणपति उत्सव तक सीमित नहीं हैं। गोविंदा इस साल रक्षा बंधन के जश्न में भी शामिल नहीं हुए थे। सुनीता ने अपने बच्चों टीना और यशवर्धन आहूजा के साथ त्योहार मनाया था। इस दौरान कृष्णा अभिषेक और आरती सिंह भी उनके साथ नजर आए थे। वहीं, 15 सितंबर को गोविंदा ने बेटे यशवर्धन के साथ गणपति विसर्जन में हिस्सा लिया था।

कोमल को लेकर सुनीता ने कही थी ये बात

अगस्त में गोविंदा और कोमल की एयरपोर्ट तस्वीरें सामने आने के बाद सुनीता ने कथित रिश्ते पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, “एक कहावत सुनी है? विनाश काले विपरीत बुद्धि। उसकी बुद्धि भ्रष्ट हो गया है, इसीलिए ये सब करता है वो। क्या बोलें अभी?” जब पैपराजी ने पूछा, “हीरो नंबर 1, चीटर नंबर 1 बन गए?” तो सुनीता ने जवाब दिया, “ये सवाल मुझे गोविंदा के फैंस को पूछना है। जब मैं बोलती हूं कोई चीज तो सब मुझे ट्रोल करते हैं। मैं चाहती हूं गोविंदा के फैंस इस चीज का जवाब दें।”

गोविंदा और सुनीता के नए प्रोजेक्ट भी चर्चा में

गोविंदा अब कोमल रानी स्वर्णकार के साथ फिल्म ‘रूपा’ से कमबैक की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ सुनीता आहूजा भी बेटे यशवर्धन के साथ फिल्म ‘हीरो की हॉररीन’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं। फिल्म में नितांशी गोयल भी नजर आएंगी और इसकी रिलीज 2027 में बताई गई है। यशवर्धन भी इसी फिल्म से एक्टिंग डेब्यू करेंगे।

तलाक केस वापस ले चुकी हैं सुनीता

फिलहाल सुनीता आहूजा ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। हालांकि, कोमल रानी के साथ गोविंदा की कथित नजदीकियों और दोनों के अलग-अलग सार्वजनिक अपीयरेंस के बीच उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं अभी थमी नहीं हैं।