गोविंदा और सुनीता आहूजा का रिश्ता लगातार चर्चा में है। इस बीच एक्टर ने मुंबई में ऐसा बयान दिया है, जिसने उनके फैंस को फिर सोचने पर मजबूर कर दिया। उनका वीडियो वायरल हो रहा है।
गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर लंबे समय से तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कभी कथित अफेयर, कभी तलाक की अर्जी और कभी दोनों के बयानों ने इस रिश्ते को सुर्खियों में रखा है। अब मुंबई में एक इवेंट के दौरान गोविंदा ने बिना किसी का नाम लिए कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन्हें मौजूदा विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। एक्टर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द कई चीजें साफ होंगी। साथ ही उन्होंने अपने फैन्स से पहले की तरह साथ और समर्थन बनाए रखने की अपील भी की।
गोविंदा ने इशारों में क्या कहा?
मुंबई में शनिवार शाम यूथ शक्ति दही हांडी कार्यक्रम में पहुंचे गोविंदा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “और बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं। मैं माई से प्रार्थना करता हूं कि वो क्लीनअप (साफ़) हों और गोविंदा उन्हें क्लीनअप कर पाए। आप लोगों का सहयोग चाहिए, साथ चाहिए। ठीक वैसे ही सहयोग और साथ चाहिए जैसा यहां पर देखने को मिलेगा।” गोविंदा ने वर्षों से मिल रहे फैंस के प्यार के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किन बातों की तरफ था।
यह भी पढ़ें :'उन लोगों ने छोड़ दिया एक-दूसरे को', गोविंदा-सुनीता आहूजा के तलाक की ख़बरों पर भड़कीं बहू कश्मीरा
सुनीता आहूजा ने गोविंदा पर क्या आरोप लगाए?
गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 11 मार्च 1987 को शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं—टीना और यशवर्धन। करियर के शुरुआती दौर में गोविंदा ने अपनी शादी को कुछ सालों तक सबसे छुपाकर रखा था। 2025 में खबरें सामने आई थीं कि सुनीता ने कथित बेवफाई और क्रूरता का हवाला देते हुए तलाक की अर्जी दी है। हालांकि, गोविंदा के वकील की ओर से कहा गया था कि दोनों के बीच सुलह की कोशिश चल रही है। रियलिटी शो ‘लॉक अप’ में सुनीता ने दावा किया था कि गोविंदा के वर्षों में “अनगिनत अफेयर” रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा था कि वह कई जगह जाने के बावजूद आखिरकार उनके पास लौट आते हैं।
कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर क्यों बढ़ा विवाद?
अगस्त में गोविंदा अपनी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए थे। इसके बाद सुनीता ने कथित तौर पर गोविंदा पर तंज कसते हुए उन्हें “शुगर डैडी” कह दिया। इन आरोपों पर गोविंदा ने जवाब देते हुए सुनीता से कहा था, “अपनी हद में रहो।” सुनीता की तलाक याचिका वापस लिए जाने की खबरें भी इसके बाद सामने आईं, लेकिन दोनों के रिश्ते को लेकर सार्वजनिक चर्चाएं जारी रहीं।
यह भी पढ़ें : गोविंदा सच में कर रहे दूसरी शादी? पत्नी सुनीता के दावे के बाद अब मैनेजर ने कही यह बात
किन फिल्मों से कमबैक करेंगे गोविंदा?
इस पूरे विवाद के बीच गोविंदा ने अपने फैंस को अपने करियर से जुड़ी बड़ी जानकारी भी दी। एक्टर ने बताया कि वह दो फिल्मों ‘रूपा’ और ‘दुनियादारी’ के जरिए वापसी करने जा रहे हैं। यानी निजी जिंदगी की सुर्खियों के बीच गोविंदा एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
