अक्षय कुमार-सैफ अली खान की थ्रिलर ‘हैवान’ सिनेमाघरों में पहुंच गई है। फिल्म की एडवांस बुकिंग ने उम्मीद जगाई है, लेकिन असली परीक्षा बॉक्स ऑफिस पर होगी।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी स्टारकास्ट और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी को लेकर है। रिलीज के साथ ही अब निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि दर्शकों के बीच यह क्राइम थ्रिलर कितनी पकड़ बना पाती है। शुरुआती संकेत पूरी तरह निराश करने वाले नहीं हैं और फिल्म ने अपनी रिलीज से पहले टिकट खिड़की पर कुछ हलचल जरूर दिखाई है। हालांकि, मुकाबला आसान नहीं है, क्योंकि सिनेमाघरों में पहले से चल रहीं फिल्मों 'हनुमान अंश' और 'मिर्जापुर द मूवी' ने स्क्रीन और दर्शकों दोनों पर अपनी पकड़ बना रखी है।

हैवान को कितने शो मिले?

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैवान’ को देशभर में करीब 7,400 शो मिले हैं। संख्या ठीक-ठाक है, लेकिन फिल्म से जुड़े बड़े नामों को देखते हुए इसे शानदार शुरुआत नहीं कहा जा सकता। इसकी बड़ी वजह मौजूदा फिल्मों का मजबूत कारोबार है। औसत टिकट कीमत करीब 224 रुपए रखी गई है, जिससे फिल्म दर्शकों की पहुंच में बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : Haiwaan Film Review: क्यों देखें अक्षय कुमार-सैफ अली खान की 'हैवान'? यहां पढ़ें पूरा रिव्यू

हैवान की पहले दिन की एडवांस बुकिंग कितनी हुई?

पहले दिन की फाइनल एडवांस बुकिंग में ‘हैवान’ ने बिना ब्लॉक सीटों के 44.17 हजार टिकट बेचे। इससे भारत में करीब 1.03 करोड़ रुपए ग्रॉस प्री-सेल्स हुई, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 87 लाख रुपए रहा। आंकड़े बहुत बड़े नहीं हैं, लेकिन इसे पूरी तरह निराशाजनक शुरुआत भी नहीं माना जा रहा। अब दिनभर की ओवर-द-काउंटर बिक्री फिल्म की ओपनिंग को और ऊपर ले जा सकती है।

अक्षय कुमार की पिछली फिल्मों को पीछे छोड़ा

करीब 1.03 करोड़ रुपए की डे 1 एडवांस बुकिंग के साथ ‘हैवान’ ने कोविड के बाद अक्षय कुमार की कुछ सबसे कम ओपनिंग वाली फिल्मों की प्री-सेल्स को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने ‘मिशन रानीगंज’ (76.7 लाख रुपए), ‘सरफिरा’ (69.99 लाख रुपए) और ‘सेल्फी’ (40.58 लाख रुपए) की डे 1 एडवांस बुकिंग को पार किया है।

यह भी पढ़ें : Haiwaan First Review: कैसी है अक्षय कुमार की 'हैवान', रिलीज से पहले वायरल हुआ रिव्यू

हैवान की स्टारकास्ट और कहानी का बैकग्राउंड

‘हैवान’ एक क्राइम थ्रिलर है, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में मोहनलाल कैमियो में नजर आते हैं। इसका निर्माण वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई फेन ने केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले किया है।