‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा लगातार जारी है। पांचवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई ने रफ्तार बनाए रखी है और ‘मिर्जापुर द मूवी’ को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है।

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई जारी है। आलम यह है कि इस फिल्म ने 5वें हफ्ते में अब तक की सबसे बड़ी कमाई कर डाली। 35वें दिन (5वें गुरुवार) फिल्म की कमाई की रफ़्तार इतनी तेज़ रही कि इसने 7 दिन पहले ही रिलीज हुई 'मिर्जापुर द मूवी' के पहले गुरुवार के लगभग बराबर कमाई की। छठे वीकेंड में फिल्म पंकज त्रिपाठी स्टारर 'मिर्जापुर' से आगे निकल सकती है। कम से कम 'हनुमान अंश' की रफ़्तार तो यही कहानी बयां कर रही है। जानिए गुरुवार को 'हनुमान अंश' और 'मिर्ज़ापुर द मूवी' ने कितना कलेक्शन किया?

35वें दिन कितना रहा 'हनुमान अंश' का कलेक्शन

ट्रेड ट्रेकिंग वेबसाइट sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक़, 35वें दिन यानी पांचवें गुरुवार को शोभिनव सत्य स्टारर 'हनुमान अंश' ने लगभग 10 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। यह 34वें दिन (5वें बुधवार) को हुए कलेक्शन (10.25 करोड़ रुपए) के मुकाबले 2.4 फीसदी कम है। लेकिन 5वें गुरुवार की कमाई के लिहाज से देखें तो बहुत बड़ा आंकड़ा है। 35 दिन में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन ₹163.13 करोड़ हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 192.75 करोड़ रुपए पहुंच गया है।

'मिर्ज़ापुर द मूवी' की 7वें दिन की कमाई कितनी रही?

'मिर्जापुर द मूवी' ने 7वें दिन (पहले गुरुवार) को 6ठे दिन (पहले बुधवार) की कमाई (12.55 करोड़ रुपए) के मुकाबले 19.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की। फिल्म ने गुरुवार को 10.05 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। यह 'हनुमान अंश' के लगभग बराबर है। इसके साथ इस फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन147.95 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि इसने ग्रॉस 176.34 करोड़ रुपए कूट डाले हैं। ओवरसीज मार्केट में फिल्म ने 7वें दिन 2.50 करोड़ रुपए हुआ, जिसके चलते पहले हफ्ते का ओवरसीज कलेक्शन 35.50 करोड़ रुपए पहुंच गया है। कुल मिलाकर गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी 'मिर्जापुर द मूवी' ने वर्ल्डवाइड 200 करोड़ का आंकड़ा पार करते हुए 211.84 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।