ऋतिक रोशन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में 6,000 वर्गफुट का कमर्शियल ऑफिस 5 साल के लिए लीज पर दिया है। शुरुआती मासिक किराया ₹17 लाख तय किया गया है।
Hrithik Roshan Property: बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित अपना कमर्शियल ऑफिस स्पेस पांच साल के लिए किराए पर दिया है। CRE Matrix के अनुसार, यह ऑफिस Clearsynth Labs Limited को लीज पर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील के तहत शुरुआती मासिक किराया 17 लाख रुपये तय किया गया है। इस हिसाब से देखें तो ऋतिक रोशन सिर्फ भाड़े से ही हर साल 2 करोड़ से ज्यादा कमाएंगे।
कहां है ऋतिक रोशन की ये प्रॉपर्टी
किराए पर दिया गया यह ऑफिस न्यू लिंक रोड, अंधेरी (वेस्ट) स्थित लोटस नीलकमल बिजनेस पार्क की ऊपरी मंजिल पर है। यह सात अलग-अलग यूनिट्स में फैला हुआ है। दस्तावेजों के मुताबिक, ऑफिस का कुल बिल्ट-अप एरिया लगभग 6,000 वर्गफुट है। इसके साथ सात कार पार्किंग की सुविधा भी शामिल है।
₹68 लाख का सिक्योरिटी डिपॉजिट, 5 साल की लीज
प्रॉपर्टी दस्तावेजों के अनुसार, किराएदार कंपनी ने 68 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा किया है। लीज एग्रीमेंट 29 जून 2026 को रजिस्टर किया गया। हालांकि, लीज की अवधि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक तय की गई है। यानी अगले 5 साल में ऋतिक रोशन इस प्रॉपर्टी के जरिये 10 करोड़ से ज्यादा की कमाई करेंगे।
पहले तीन साल ₹17 लाख, बाद में बढ़ेगा किराया
लीज एग्रीमेंट के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2029 तक हर महीने 17 लाख रुपये किराया दिया जाएगा। इसके बाद 1 अप्रैल 2029 से 31 मार्च 2031 तक मासिक किराया बढ़कर 19.55 लाख रुपये हो जाएगा। इस पूरे मामले पर अभी तक ऋतिक रोशन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रियल एस्टेट में लगातार निवेश कर रहे हैं ऋतिक रोशन
पिछले कुछ सालों में ऋतिक रोशन ने रियल एस्टेट सेक्टर में कई निवेश किए हैं। खासकर उन्होंने कमर्शियल प्रॉपर्टी में निवेश बढ़ाया है और मुंबई व पुणे में कई कॉर्पोरेट कंपनियों को ऑफिस स्पेस किराए पर दिए हैं। अंधेरी की यह नई लीज उनके कमर्शियल प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो में एक और महत्वपूर्ण निवेश मानी जा रही है।
सबा आजाद को भी किराए पर दिया था लग्जरी घर
Zapkey के दस्तावेजों के अनुसार, पिछले साल ऋतिक रोशन ने जुहू स्थित अपने समुद्र के सामने वाले लग्जरी घर को अपनी गर्लफ्रेंड सबा आजाद को एक साल के लिए 75 हजार रुपये प्रति माह के किराए पर दिया था।
परिवार ने भी खरीदी करोड़ों की कमर्शियल प्रॉपर्टी
Propstack के दस्तावेजों के मुताबिक, पिछले साल ऋतिक रोशन, उनके पिता राकेश रोशन की कंपनी HRX Digitech LLP और उनकी मां प्रमिला रोशन की कंपनी Filmkunj (Bombay) Pvt Ltd ने मिलकर अंधेरी वेस्ट में 28 करोड़ रुपये की कीमत पर 10 कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स खरीदी थीं। इसके अलावा SquareYards के अनुसार, राकेश रोशन और उनकी पत्नी प्रमिला राकेश रोशन (पिंकी रोशन) ने भी पिछले साल अंधेरी में 19.68 करोड़ रुपये में पांच कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स खरीदी थीं।
स्टारलिंक ने भी मुंबई में ली थी ऑफिस स्पेस
Propstack के दस्तावेजों के अनुसार, एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी Starlink Satellite Communications Private Limited ने पिछले साल मुंबई के चांदीवली इलाके में 1,294 वर्गफुट का ऑफिस पांच साल के लिए लीज पर लिया था। इस लीज का कुल मूल्य 2.33 करोड़ रुपये बताया गया था। इस तरह मुंबई का कमर्शियल रियल एस्टेट बाजार लगातार सक्रिय बना हुआ है और बड़े कॉर्पोरेट समूहों के साथ-साथ फिल्मी हस्तियां भी इसमें निवेश और लीजिंग गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।


