IMDb ने भारत की मोस्ट एंटिसिपेटेड इंडियन मूवीज 2026 लिस्ट जारी की है। इसमें अगले 6 महीने में आ रहीं फ़िल्में शामिल है और शाहरुख़ खान की किंग टॉप 3 से बाहर है।
साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों को लेकर IMDb ने अपनी Most Anticipated Indian Movies (Second Half of 2026) की लिस्ट जारी कर दी है। दुनियाभर के 25 करोड़ से ज्यादा मासिक यूजर्स के पेज व्यूज के आधार पर तैयार इस रैंकिंग में रणबीर कपूर की रामायण पार्ट 1 ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि आलिया भट्ट की स्पाई थ्रिलर अल्फा दूसरे नंबर पर रही। दिलचस्प बात यह है कि जबरदस्त चर्चा के बावजूद शाहरुख खान की किंग टॉप-3 में जगह नहीं बना सकी और चौथे स्थान पर रही। लिस्ट में टॉक्सिक, धमाल 4, दृश्यम 3 और कई बड़ी फिल्मों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

देश की किस फिल्म क सबसे ज्यादा इंतज़ार?
IMDb की ओर से जारी Most Anticipated Indian Movies of the Second Half of 2026 की सूची में रणबीर कपूर स्टारर रामायण पार्ट 1 ने पहला स्थान हासिल किया है। यह फिल्म भगवान श्रीराम के वनवास, माता सीता के हरण और रावण के खिलाफ महायुद्ध की कहानी को बड़े पैमाने पर पेश करेगी। नितेश तिवारी निर्देशित यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
दूसरे नंबर पर आलिया भट्ट की 'अल्फा'
सूची में दूसरा स्थान आलिया भट्ट की फिल्म अल्फा को मिला है। यह यशराज फिल्म्स स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान स्पाई थ्रिलर है। फिल्म का निर्देशन 'द रेलवे मेन' फेम शिव रवैल ने किया है, जबकि निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। फिल्म में आलिया के साथ शरवरी, अनिल कपूर और ऋतिक रोशन कैमियो रोल में नजर आएंगे। इसकी रिलीज 3 जुलाई को तय है।
टॉप-4 में 'टॉक्सिक' और 'किंग'
यश की फिल्म टॉक्सिक तीसरे स्थान पर रही, जो 26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी। कन्नड़ सिनेमा की इस पैन इंडिया फिल्म का डायरेक्शन गीतू मोहनदास ने किया है। शाहरुख खान की किंग चौथे नंबर पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की कहानी 1994 की क्लासिक फिल्म Léon: The Professional से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें शाहरुख एक अनुभवी हिटमैन के किरदार में नजर आएंगे, जो एक युवा लड़की की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाता है। इस फिल्म से शाहरुख पहली बार बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म में अभिषेक बच्चन मुख्य विलेन के तौर पर दिखाई देंगे। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित यह फिल्म क्रिसमस 2026 पर रिलीज होगी।
टॉप-10 में किन फिल्मों को मिली जगह?
IMDb की सूची में पांचवें स्थान पर अजय देवगन की 'धमाल 4', छठे पर 'दृश्यम 3', सातवें पर 'विश्वनाथ एंड संस', आठवें पर 'मिर्जापुर: द मूवी', नौवें पर अक्षय कुमार-सैफ अली खान की 'हैवान' और दसवें स्थान पर श्रद्धा कपूर की 'ईथा' शामिल है।
टॉप-20 में बाकी 10 कौन-सी फ़िल्में?
टॉप-10 के बाद 11वें स्थान पर 'आवारापन 2', 12वें पर 'इक्का', 13वें पर 'अरासन', 14वें पर 'खलीफा', 15वें पर 'आई एम गेम', 16वें पर 'रणबाली', 17वें पर 'शक्ति शालिनी', 18वें पर 'इधायम मुरली', 19वें पर 'सिग्मा' और 20वें स्थान पर 'Vvan – Force of the Forest' ने जगह बनाई।
IMDb ने कैसे तैयार की यह रैंकिंग?
IMDb के अनुसार यह सूची दुनियाभर के 25 करोड़ से अधिक मासिक विजिटर्स के पेज व्यूज और यूजर इंटरेस्ट के आधार पर तैयार की गई है। इस बार टॉप-20 में कुल 12 हिंदी, 4 तमिल, 2 मलयालम, 1 तेलुगु और 1 कन्नड़ फिल्म शामिल हैं।
