YouTube India Top Songs: 'हनुमान अंश' फिल्म का गाना 'जब जिद पे आ गई पार्वती' इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस गाने ने यूट्यूब इंडिया पर नंबर 1 और ग्लोबल चार्ट में नंबर 2 की पोजीशन हासिल कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है।

Hanuman Ansh Movie Song: 'जब जिद पे आ गई पार्वती' गाना इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 'हनुमान अंश' फिल्म के इस गाने ने अब एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। यह गाना यूट्यूब इंडिया वीकली टॉप सॉन्ग्स चार्ट (YouTube India Weekly Top Songs Chart) में पहले नंबर पर पहुंच गया है। वहीं, इसने यूट्यूब ग्लोबल म्यूजिक चार्ट (YouTube Global Music Chart) में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस गाने को यूट्यूब पर अब तक 100 मिलियन (10 करोड़) से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

बुंदेली लोक संगीत में शिव-पार्वती की कथा

'जब जिद पे आ गई पार्वती' गाना भगवान शिव से विवाह करने के लिए माता पार्वती के दृढ़ संकल्प की कहानी पर आधारित है। इस गाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे मॉडर्न पॉप के बजाय बुंदेली लोक संगीत, पारंपरिक भाषा और देसी अंदाज में पेश किया गया है। साधु एस. तिवारी ने इस गाने को लिखा, गाया और संगीतबद्ध किया है। वहीं, डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने 'हनुमान अंश' फिल्म का निर्देशन किया है।

100 मिलियन से ज्यादा व्यूज

यह गाना रिलीज होने के कुछ ही दिनों के भीतर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। लोग सिर्फ इसके ऑडियो को ही नहीं, बल्कि इस पर बन रहे डांस, रील्स और एआई (AI) वीडियो को भी जबरदस्त प्यार दे रहे हैं। नवभारत टाइम्स की 23 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गाने ने रिलीज के महज 15 दिनों के अंदर ही 1.3 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया था। इंस्टाग्राम पर छोटे बच्चों से लेकर पुलिस अधिकारी तक, हर कोई इस गाने पर रील्स बना रहा है।

देश की सीमाएं पार कर गया बुंदेली गाना

किसी क्षेत्रीय लोक गीत का इतने बड़े पैमाने पर मशहूर होना अपने आप में बहुत खास है। इस गाने ने बुंदेली भाषा और लोक संगीत की मिठास को बरकरार रखते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना ली है।

पीएम मोदी के सामने भी गूंजा 'पार्वती' गाना

'हनुमान अंश' की टीम ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक खास 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। गायक साधु एस. तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 'पार्वती' गाना लाइव गाया। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इसी कार्यक्रम में 'हृदय में जिनके सियाराम' गाना भी प्रस्तुत किया। एक स्थानीय लोक कथा पर आधारित 'जब जिद पे आ गई पार्वती' गाने ने देश में नंबर 1 और दुनिया में नंबर 2 बनकर 'हनुमान अंश' फिल्म के संगीत को एक नई पहचान दी है।