रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने पहले वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार के लिए एडवांस बुकिंग में आई जोरदार उछाल ने बड़े कलेक्शन की उम्मीद बढ़ा दी है।
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले वीकेंड में शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को मिल रहे दर्शकों के बीच रविवार के लिए एडवांस बुकिंग में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पहले तीन दिनों में नेट कलेक्शन 150 करोड़ रुपए के करीब पहुंचने के बाद अब फिल्म की नजर चौथे दिन के बड़े आंकड़े पर है। रविवार के लिए देशभर में करीब 15 लाख टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। बढ़ती मांग को देखते हुए सिनेमाघरों में शो की संख्या भी बढ़ाई गई है। ऐसे में सवाल है कि क्या रजनीकांत की फिल्म रविवार को बॉक्स ऑफिस पर नया धमाका करेगी?
‘जेलर 2’ की एडवांस बुकिंग में कितनी आई तेजी?
‘जेलर 2’ की चौथे दिन यानी रविवार की एडवांस बुकिंग में शानदार उछाल दर्ज किया गया है। कोइमोइ केआंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने ब्लॉक की गई सीटों को छोड़कर 14.94 लाख टिकट बेचे। इससे भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एडवांस बुकिंग के जरिए 29.04 करोड़ रुपए ग्रॉस कलेक्शन हुआ, जबकि नेट कलेक्शन 24.61 करोड़ रुपए रहा। तीसरे दिन की 18.65 करोड़ रुपए की ग्रॉस एडवांस बुकिंग के मुकाबले चौथे दिन इसमें 55.71% की बढ़ोतरी हुई है। यह आंकड़ा रविवार को फिल्म के मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद जगा रहा है।
‘जेलर 2’ के शो की संख्या क्यों बढ़ाई गई?
फिल्म की मांग को देखते हुए देशभर में शो की संख्या बढ़ाई गई है। दूसरे दिन नई फिल्मों की रिलीज के कारण शो घटे थे, लेकिन तीसरे दिन 1,542 शो बढ़ाए गए। अब चौथे दिन यानी रविवार को भी 938 शो का इजाफा हुआ है। इससे देशभर में फिल्म के कुल शो की संख्या 15,325 से बढ़कर 16,263 हो गई है। बढ़ते शो और एडवांस बुकिंग से फिल्म को मिल रही दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्या रविवार को 60 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है ‘जेलर 2’?
एडवांस बुकिंग और दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए अनुमान लगाया गया है कि ‘जेलर 2’ चौथे दिन भारत में 55 से 60 करोड़ रुपए नेट कमा सकती है। तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में सोमवार, 19 अक्टूबर की छुट्टी का भी फिल्म को फायदा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में रविवार को सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी संख्या देखने को मिल सकती है। अगर रविवार को फिल्म ने 60 करोड़ कमा लिए तो यह इसकी अब तक की सबसे बड़ी कमाई होगी। नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ को कलानिधि मारन की सन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रजनीकांत के साथ एस. जे. सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, राम्या कृष्णन और विद्या बालन अहम भूमिकाओं में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट 350 करोड़ रुपए है।






