Kajal Raghwani Amrapali Dubey Controversy: भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी ने सह-कलाकार निरहुआ पर 'औकात दिखा देंगे' कहने का आरोप लगाया है। अब 16 साल से इंडस्ट्री में एक्टिव काजल ने खुद को बाहरी कहे जाने पर नाराजगी जताई और आम्रपाली दुबे पर भी सवाल उठाए।

भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों अपने एक वीडियो को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। काजल ने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। काजल ने आरोप लगाया कि निरहुआ ने उन्हें 'औकात दिखा देंगे' कहने की बात कही थी, जिस पर अभिनेत्री ने अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं, आम्रपाली दुबे को लेकर भी उन्होंने कहा कि उनके एक प्रोफेशनल सवाल को अलग तरीके से पेश किया गया। लेकिन इन विवादों के बीच सवाल उठता है कि आखिर काजल राघवानी कौन हैं और भोजपुरी इंडस्ट्री में उनका अब तक का सफर कैसा रहा है?

2011 में शुरू किया भोजपुरी फिल्मों का सफर

काजल राघवानी ने साल 2011 में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। उनकी शुरुआती फिल्मों में 'सुगना' का नाम शामिल है। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में अपनी पहचान बनानी शुरू की और कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा बनीं। काजल ने अपने करियर में 'प्रतिज्ञा 2', 'देवरा भइल दीवाना', 'पटना से पाकिस्तान', 'मेहंदी लगा के रखना', 'मैं सेहरा बांध के आऊंगा', 'बलम जी लव यू' और 'कुली नंबर 1' जैसी फिल्मों में काम किया है।

भोजपुरी इंडस्ट्री में 16 साल से कर रही हैं काम

काजल राघवानी ने अपने हालिया सोशल मीडिया वीडियो में बताया कि वह करीब 16 साल से भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। उनका कहना है कि उन्होंने इस इंडस्ट्री और यहां के दर्शकों को हमेशा अपना माना है। काजल ने अपनी पोस्ट में उन लोगों को जवाब दिया, जो उन्हें बार-बार 'आउटसाइडर' या गुजराती बताकर यह एहसास दिलाते हैं कि वह भोजपुरी इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं हैं। अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री को अपनी कर्मभूमि माना है और यहां के लोगों से मिले प्यार की वजह से ही वह इतने लंबे समय तक काम कर पाई हैं।

और पढ़ें - Mahesh Babu Net Worth: 80Cr फीस, प्राइवेट जेट के मालिक, जानें कितनी है टॉलीवुड सुपरस्टार की दौलत

निरहुआ और आम्रपाली दुबे को लेकर क्यों हुआ विवाद?

हाल ही में काजल राघवानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' को लेकर नाराजगी जाहिर की। काजल के मुताबिक, निरहुआ ने कथित तौर पर उन्हें 'औकात दिखा देंगे' जैसी बात कही थी। अभिनेत्री ने जवाब देते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी से उन्होंने खुद अपनी 'औकात' दिखाई है। काजल ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद उनके मन में अभिनेता के लिए सम्मान कम हुआ है। हालांकि, यह काजल की ओर से लगाए गए आरोप और उनका पक्ष है। यहां तक कि काजल ने निरहुआ का उनकी पत्नी के साथ संबंध कैसा है और आम्रपाली उनपर कैसे हक जताती हैं इस पर भी बात की। नीचे देखें पूरा वीडियो - 

View post on Instagram

आम्रपाली दुबे पर भी साधा निशाना

काजल ने इसी विवाद में आम्रपाली दुबे का भी जिक्र किया। अभिनेत्री के अनुसार, उन्होंने आम्रपाली से एक प्रोफेशनल सवाल पूछा था। काजल ने कथित तौर पर आम्रपाली से पूछा था कि क्या वह वजह हैं जिसके कारण दिनेश लाल यादव उनके साथ काम नहीं करते। काजल का कहना है कि उनके सवाल को अलग तरीके से पेश किया गया। इस पूरे मामले के बाद काजल ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा और बताया कि वह लगातार खुद को 'बाहर की' साबित किए जाने से परेशान हैं।

और पढ़ें - 'रेखा बहुत मोटी थीं लेकिन जब...' - रेखा के जीजा तेज सप्रू ने बताए सीक्रेट, कैसे सौतेली बहन से कराई शादी

वायरल वीडियो के बाद फैंस को कहा शुक्रिया

विवादित वीडियो वायरल होने के बाद काजल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट भी शेयर किया। उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा भोजपुरी इंडस्ट्री और यहां की जनता को अपना माना है। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि अगर उन्होंने इस इंडस्ट्री को अपना नहीं माना होता तो शायद उन्हें यहां काम नहीं मिलता और वह इतने लंबे समय तक टिक नहीं पातीं।

काजल का जन्म बिहार में नहीं, लेकिन भोजपुरी से बनाया खास रिश्ता

IMDb के मुताबिक, काजल राघवानी का जन्म 20 जुलाई 1990 को बिहार के तेघड़ा, बेगूसराय में हुआ था। हालांकि उनका परिवारिक संबंध गुजरात से भी बताया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि भोजपुरी फिल्मों में पहचान बनाने से पहले काजल ने गुजराती सिनेमा में भी काम किया था। उन्होंने 2009 में रिलीज हुई गुजराती फिल्म 'हवे मारे हीरा नथी घसवा' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा को अपने करियर का प्रमुख हिस्सा बनाया और लगातार फिल्मों में काम करती रहीं।

बता दें, काजल राघवानी सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 5.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर अपनी तस्वीरें, वीडियो, फिल्म से जुड़े अपडेट और निजी जिंदगी से जुड़े पोस्ट फैंस के साथ शेयर करती हैं। उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता यह बताती है कि भोजपुरी सिनेमा में उनकी अपनी एक मजबूत फैन फॉलोइंग है।

आखिरी बार 'मेरे हसबैंड की शादी है' में आई थीं नजर

काजल राघवानी की भोजपुरी सिनेमा में आखिरी बड़ी रिलीज 'मेरे हसबैंड की शादी है' बताई जा रही है। इस फिल्म में उन्होंने दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे के साथ स्क्रीन शेयर की थी। फिल्म की रिलीज के बाद अब काजल एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, मौजूदा विवाद के बीच अभिनेत्री ने साफ किया है कि वह भोजपुरी इंडस्ट्री को अपनी कर्मभूमि मानती हैं और यहां के दर्शकों के प्यार को हमेशा महत्व देती हैं।