Kangana Ranaut box office biggest flops: कंगना रनौत के करियर में सफल फिल्मों के साथ कई बड़ी फ्लॉप भी शामिल हैं। इन फिल्मों में उनकी एक्टिंग की तारीफ तो हुई, पर ये बिजनेस करने में सफल नहीं हो सकीं।

बॉलीवुड की ‘क्वीन’ कही जाने वाली कंगना रनौत ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक दमदार किरदार निभाए हैं। ‘क्वीन’, ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ और ‘मणिकर्णिका’ जैसी फिल्मों ने उनकी एक्टिंग का लोहा मनवाया और उन्हें इंडस्ट्री की सबसे दमदार एक्ट्रेसेस में शामिल किया। लेकिन कंगना के करियर का दूसरा पहलू भी है। उनकी कई फिल्में ऐसी रहीं, जिनसे मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं, मगर बॉक्स ऑफिस पर ये उम्मीदें धरी की धरी रह गईं। खासकर साल 2015 के बाद कंगना के करियर में एक ऐसा दौर आया, जब उनकी लगातार कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं। ‘आई लव एनवाई’ से शुरू हुआ यह सिलसिला ‘तेजस’ तक पहुंचा। इन फिल्मों में सबसे चौंकाने वाली हालत ‘धाकड़’ की रही, जिसके कई शो दर्शकों की कमी के कारण कैंसिल तक कर दिए गए थे। आइए नजर डालते हैं कंगना रनौत की उन 10 फिल्मों पर, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर उन्हें निराश किया।

‘रंगून’ में कंगना के साथ थे शाहिद और सैफ

कंगना रनौत, शाहिद कपूर और सैफ अली खान स्टारर ‘रंगून’ से काफी उम्मीदें थीं। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म पीरियड वॉर ड्रामा थी और इसे बड़े स्तर पर तैयार किया गया था। फिल्म का बजट करीब 80 करोड़ रुपये बताया गया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 41 करोड़ रुपये रहा। यानी फिल्म अपनी लागत निकालने में भी कामयाब नहीं हो सकी। खास बात यह रही कि फिल्म में कंगना के अभिनय की काफी तारीफ हुई, लेकिन अच्छी समीक्षाओं के बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में फिल्म नाकाम रही।

और पढ़ें - कंगना रनौत पहुंचीं सिद्धिविनायक और मुंबा देवी मंदिर, कांजीवरम साड़ी में ऐसे की पूजा-अर्चना

‘आई लव एनवाई’ ने किया सिर्फ 1.20 करोड़ का कारोबार

साल 2015 में रिलीज हुई ‘आई लव एनवाई’ कंगना रनौत और सनी देओल की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी। फिल्म को लेकर खास बज नहीं बन पाया और रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक फिल्म ने भारत में करीब 1.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और इसे डिजास्टर घोषित किया गया। कंगना के लिए यह फिल्म इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि इसके बाद उनके बॉक्स ऑफिस करियर में लगातार असफल फिल्मों का सिलसिला शुरू हुआ।

‘सिमरन’ में एक्टिंग की तारीफ, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर निराशा

साल 2017 में आई ‘सिमरन’ कंगना के लिए एक अलग तरह की फिल्म थी। हंसल मेहता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने प्रफुल्ल पटेल नाम की एक गुजराती लड़की का किरदार निभाया था। फिल्म का बजट करीब 28 करोड़ रुपये था, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 27.25 करोड़ रुपये रहा। इस तरह फिल्म को व्यावसायिक तौर पर निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। हालांकि, फिल्म में कंगना की परफॉर्मेंस को काफी पसंद किया गया और उनके अभिनय की तारीफ भी हुई। यानी एक बार फिर कंगना की एक्टिंग मजबूत रही, लेकिन बॉक्स ऑफिस आंकड़े उनका साथ नहीं दे पाए।

‘कत्ती बट्टी’ को कंगना और इमरान की जोड़ी भी नहीं चला पाई फिल्म

इमरान खान के साथ कंगना रनौत की ‘कत्ती बट्टी’ साल 2015 में रिलीज हुई थी। रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की इस फिल्म से दोनों सितारों की जोड़ी को लेकर उम्मीदें थीं, लेकिन दर्शकों ने इसे खास पसंद नहीं किया। फिल्म का भारत में लाइफटाइम नेट कलेक्शन करीब 23.75 करोड़ रुपये रहा और बॉक्स ऑफिस इंडिया ने इसे फ्लॉप बताया।

‘पंगा’ की कहानी दिल छू गई, लेकिन कमाई नहीं कर पाई

कंगना की फिल्म ‘पंगा’ साल 2020 में रिलीज हुई थी। अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में कंगना ने एक पूर्व कबड्डी खिलाड़ी का किरदार निभाया था, जो परिवार की जिम्मेदारियों के बीच दोबारा अपने सपने को पूरा करने की कोशिश करती है। फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कंगना की परफॉर्मेंस को भी सराहा गया। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। रिपोर्टेड बजट करीब 49 करोड़ रुपये था, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस लगभग 41.71 करोड़ रुपये रहा। यानी कहानी और परफॉर्मेंस की तारीफ के बावजूद फिल्म मेकर्स के लिए मुनाफे का सौदा साबित नहीं हुई।

View post on Instagram

‘धाकड़’ ने तो कर दिया था सबसे बड़ा नुकसान

इन फिल्मों के बाद साल 2022 में आई ‘धाकड़’ ने कंगना के बॉक्स ऑफिस करियर को सबसे बड़ा झटका दिया। फिल्म में कंगना ने एजेंट अग्नि का किरदार निभाया था और वह जबरदस्त एक्शन करती नजर आई थीं। फिल्म को एक बड़े पैमाने की फीमेल-लीड एक्शन फिल्म के तौर पर पेश किया गया था। कंगना ने फिल्म के लिए एक्शन ट्रेनिंग भी ली थी और इसकी शूटिंग भारत के अलावा बुडापेस्ट में भी हुई थी। फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए अमेरिका, दक्षिण कोरिया, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के एक्शन एक्सपर्ट्स को भी जोड़ा गया था। इतनी बड़ी तैयारी के बावजूद ‘धाकड़’ बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई। फिल्म के ज्यादातर शो रिलीज के एक हफ्ते के अंदर ही बंद हो गए।

और पढ़ें - Bigg Boss 20: जेनिफर विंगेट-नीति टेलर से भोजपुरी स्टार तक, 9 सेलेब बिग बॉस के लिए कंफर्म?

‘थलाइवी’ में जयललिता बनने के बाद भी नहीं चला जादू

साल 2021 में रिलीज हुई ‘थलाइवी’ कंगना के करियर की महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल थी। फिल्म में उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता का किरदार निभाया था। कंगना ने इस रोल के लिए अपने लुक और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन पर काफी मेहनत की, लेकिन सिनेमाघरों में फिल्म दर्शकों को खींचने में नाकाम रही। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक फिल्म का भारत में लाइफटाइम नेट कलेक्शन करीब 1.91 करोड़ रुपये रहा और इसे डिजास्टर बता

‘जजमेंटल है क्या’ राजकुमार राव के साथ भी नहीं मिली सफलता

कंगना रनौत और राजकुमार राव की ‘जजमेंटल है क्या’ साल 2019 में रिलीज हुई थी। फिल्म का कॉन्सेप्ट हटकर था और दोनों कलाकारों की परफॉर्मेंस को भी काफी सराहा गया। फिल्म ने भारत में करीब 33.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक इसका फैसला फ्लॉप रहा। यानी कंटेंट और परफॉर्मेंस के स्तर पर फिल्म ने ध्यान खींचा, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह कंगना के लिए बड़ी कामयाबी नहीं बन सकी।

‘तेजस’ में एयरफोर्स ऑफिसर बनीं, लेकिन दर्शक नहीं जुटे

‘धाकड़’ के बाद कंगना ने ‘तेजस’ में एक बार फिर एक्शन अवतार अपनाया। साल 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने एयरफोर्स ऑफिसर तेजस गिल का किरदार निभाया था। फिल्म से देशभक्ति और एक्शन के दम पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत ही कमजोर रही। भारत में फिल्म का लाइफटाइम नेट कलेक्शन करीब 4.14 करोड़ रुपये रहा और बॉक्स ऑफिस इंडिया ने इसे डिजास्टर बताया।

‘इमरजेंसी’ भी बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली

कंगना रनौत की ‘इमरजेंसी’ साल 2025 में रिलीज हुई। इस फिल्म में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया और फिल्म का निर्देशन भी किया। इतने चर्चित ऐतिहासिक-राजनीतिक विषय और कंगना के लीड रोल के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक फिल्म को डिजास्टर का फैसला मिला, जबकि बॉलीवुड हंगामा ने इसकी लाइफटाइम कमाई करीब 16.52 करोड़ रुपये दर्ज की है।