प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान के बाद कंगना रनौत ने ऐसे लोगों पर निशाना साधा और आम लोगों से उन्हें पहचानकर दूर रहने की अपील की। उनका बयान वायरल है।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान के बाद सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी इस मुद्दे पर अपना रिएक्शन दिया है। कंगना ने रविवार देर रात इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर उन लोगों को निशाने पर लिया, जिन्हें वह ‘दिमागी नक्सली’ मानती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग भारत के दुश्मनों के प्रति नरम रुख रखते हैं, जबकि देश बनाने और सीमाओं की रक्षा करने वालों की आलोचना करते हैं। कंगना ने आम लोगों को ऐसे लोगों को पहचानने और उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी है।

पीएम मोदी के बयान के बाद कंगना ने क्या कहा?

कंगना रनौत ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अपने आस-पास देखिए, जो लोग लगातार भारत के दुश्मनों को तो इंसान जैसा दिखाते हैं और देश बनाने या सीमाओं की रक्षा करने वालों को बुरा-भला कहते हैं। वह खुद को फेमिनिस्ट और मॉडर्न बताते हैं, लेकिन बुर्के का बचाव करते हैं और आतंकवादियों को 'मिलिटेंट' कहते हैं।”

उन्होंने आगे ऐसे लोगों की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, “वह इस बात पर जोर देते हैं कि हर किसी को अपनी मर्जी से जीने की आजादी होनी चाहिए, भले ही इसके लिए संस्कृति, सभ्यता या बुनियादी तहजीब से समझौता करना पड़े।”

कंगना ने ‘दिमागी नक्सली’ किसे बताया?

कंगना ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि कुछ लोग अपराधियों के अधिकारों की पैरवी करते हैं और इसे वह खतरनाक सोच मानती हैं। उन्होंने लिखा, “जब तक कि वह कोई अपराध न करें। लेकिन जाहिर है, जब आप इंसानों की जानवरों जैसी प्रवृत्तियों को बढ़ावा देते हैं और उन्हें बिना किसी रोक-टोक के छोड़ देते हैं, तो सीमाएं लांघी ही जाती हैं।” इसके बाद उन्होंने ऐसे लोगों को सीधे “दिमागी नक्सली” बताते हुए कहा कि वे अपराधियों के जीने के अधिकार के लिए याचिकाएं दायर करते हैं।

आम लोगों को कंगना रनौत ने क्या सलाह दी?

कंगना ने अपनी पोस्ट में आम लोगों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की सलाह भी दी। उन्होंने लिखा, “अपने आस-पास ऐसे लोगों को पहचानिए, भांपिए और उनसे दूर भागिए। यह दिमागी नक्सली हैं। यह गोलियां नहीं चलाएंगे बल्कि दीमक की तरह आपके दिमाग और जमीर को खा जाएंगे। इसलिए भागिए।”

एक्टिंग के साथ सांसद की जिम्मेदारी भी संभाल रहीं कंगना

कंगना रनौत इन दिनों अभिनय के साथ सांसद के तौर पर भी सक्रिय हैं। इस साल वह फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आईं। इसके अलावा वह ‘क्वीन 2’ में भी काम कर रही हैं।