3 फीट कद, सर्कस का ऑफर और मेडिकल काउंसिल की ना... फिर सुप्रीम कोर्ट का फैसला। KBC 18 में पहुंचे डॉ. गणेश बरैया 25 हजार लेकर लौटे, लेकिन देश का दिल जीत ले गए।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में जब 3 फीट के डॉक्टर गणेश बरैया अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर पहुंचे, तो उनकी कहानी ने हर किसी का ध्यान खींचा। गुजरात के भावनगर के गोरखी गांव के एक किसान परिवार में जन्मे गणेश के लिए डॉक्टर बनना आसान नहीं था। बचपन में जहां उनके कद को लेकर ताने मिले, वहीं महज 10 साल की उम्र में एक सर्कस कंपनी ने उन्हें खरीदने के लिए पिता को 5 लाख रुपए तक का ऑफर दिया था। मेडिकल काउंसिल ने भी MBBS में दाखिले से रोक दिया, लेकिन गणेश ने कानूनी लड़ाई लड़ी और आज सरकारी अस्पताल में बच्चों की सेवा कर रहे हैं।
कौन हैं डॉ. गणेश बरैया, KBC में जिनकी कहानी ने सबको चौंका दिया?
गुजरात के भावनगर जिले के गोरखी गांव में गरीब किसान परिवार में जन्मे डॉ. गणेश बरैया 9 भाई-बहनों में अकेले ऐसे थे, जिनका कद सामान्य रूप से नहीं बढ़ सका। करीब 3 फीट कद के बावजूद पढ़ाई के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ। शुरुआती दिनों में स्कूल जाने के लिए उनके माता-पिता उन्हें करीब 5 किलोमीटर दूर अपने कंधों पर बैठाकर ले जाते थे। गनेश ने KBC 18 में बताया कि बचपन ने हर किसी ने उन्हें हाइट की वजह से ताना मारा और उनके लिए हर काम असंभव बता दिया। लेकिन उन्होंने सबको गलत साबित कर असंभव को संभव कर दिखाया।
10 साल की उम्र में सर्कस ने दिया था 5 लाख रुपए का ऑफर
गणेश की शारीरिक बनावट देखकर बचपन में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जब वह करीब 10 साल के थे, तब एक सर्कस कंपनी ने उनके पिता को 5 लाख रुपए में गणेश को खरीदने का ऑफर दिया था। आर्थिक तंगी के बावजूद उनके पिता ने यह ऑफर ठुकरा दिया और बेटे की पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया। यही फैसला आगे चलकर गणेश की जिंदगी का सबसे अहम मोड़ बना।
NEET पास करने के बाद भी MBBS में दाखिला क्यों नहीं मिला?
पढ़ाई में होनहार गणेश ने NEET क्वालिफाई किया, लेकिन मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने उनकी करीब 3 फीट लंबाई को आधार बनाकर उन्हें MBBS के लिए अनफिट माना। तर्क दिया गया कि वह इमरजेंसी केस संभालने में सक्षम नहीं होंगे। गणेश ने इस फैसले को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने पहले गुजरात हाईकोर्ट का रुख किया और 2 महीने की लड़ाई के बाद वे हार गए। फिर वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे और वहां 4 महीने अपने अधिकार की लड़ाई लड़ी, जहां से उन्हें न्याय मिला। 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके बाद 2019 में उनका MBBS में दाखिला हुआ।
आज कहां डॉक्टर हैं गणेश बरैया?
मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद गणेश अब भावनगर के सरकारी सर तख्तसिंहजी अस्पताल में पीडियाट्रिक NICU मेडिकल ऑफिसर के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। यानी जिस कद को कभी उनकी सबसे बड़ी बाधा माना गया था, उसी के बावजूद उन्होंने डॉक्टर बनने का अपना सपना पूरा किया। KBC 18 में गनेश बरैया और उनके फैमिली मेम्बर्स ने बताया कि वे दुनिया के सबसे छोटे और सबसे कम वजन वाले डॉक्टर हैं।
KBC में कितनी रकम जीत पाए डॉ. गणेश बरैया?
‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अमिताभ बच्चन के सामने हॉटसीट पर बैठे गणेश ने शुरुआत समझदारी से की। उनकी संघर्ष कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी उनके माता-पिता के त्याग और इच्छाशक्ति से प्रभावित हुए। हालांकि, गेम में 3 लाख रुपए के सवाल पर गणेश का जवाब गलत हो गया। सुरक्षित पड़ाव का सही इस्तेमाल नहीं हो पाने के कारण उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और उनका सफर 25,000 रुपए की रकम पर खत्म हुआ।
