केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में जानकारी दी कि विवादित गाना सरके चुनर पर बैन लगा दिया गया है। 'केडी : द डेविल' के इस गाने को अश्लील लिरिक्स और विजुअल्स के कारण भारी विरोध झेलना पड़ा। यूट्यूब से हिंदी वर्जन हटाया गया, जबकि मामला अब कानूनी और राजनीतिक बहस तक पहुंच गया है।
'केडी : द डेविल' में संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माए गए गाने 'सरके चुनर' को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में स्पष्ट कहा कि इस गाने पर बैन लगाया जा चुका है और अभिव्यक्ति की आजादी उचित सीमाओं के भीतर ही रहनी चाहिए। गाना हालिया में रिलीज हुआ था, जिसके बोल और प्रेजेंटेशन पर बवाल मच गया था। गाना फिलहाल यूट्यूब से हटाया जा चुका है, लेकिन इस पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
संसद में गूंजा अश्लील गाने 'सरके चुनर' का मुद्दा
लोकसभा में अश्लील गाने 'सरके चुनर' के मुद्दे को उठाते हुए मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “गाने पर बैन लगा दिया गया है। हमें अभिव्यक्ति की आजादी के तहत उचित प्रतिबंधों के अनुसार काम करना चाहिए। फ्रीडम ऑफ स्पीच पूर्ण नहीं हो सकती, इसे समाज और संस्कृति के संदर्भ में देखना होगा।" समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने सरकार से इस विवादित गाने पर जवाब मांगा था, जिसके बाद यह मामला संसद तक पहुंचा।
यूट्यूब 'सरके चुनर' का सिर्फ हिंदी वर्जन हटा
'सरके चुनर' गाना ऑनलाइन रिलीज होते ही विवादों में घिर गया। दर्शकों ने इसके लिरिक्स को 'अश्लील' और विजुअल्स को 'उत्तेजक' बताया। बढ़ते विरोध के बाद इसका हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया गया, हालांकि कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन अभी भी प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं।
लिरिक्स पर हुआ विवाद तो गीतकार ने किया किनारा
'सरके चुनर' पर विवाद खड़ा होते ही इसके हिंदी गीतकार रकीब आलम ने खुद को मामले से अलग कर लिया है। उन्होंने एक बयान में कहा, "मैंने ये लिरिक्स नहीं लिखे हैं। ये कन्नड़ में फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने लिखे थे। जब मुझसे इसे लिखने को कहा गया तो मैंने मना कर दिया था, लेकिन बाद में मुझे सिर्फ ट्रांसलेट करने के लिए कहा गया।” उन्होंने यह भी बताया कि अब फिल्म की टीम उनसे साफ-सुथरे बोल वाला नया वर्जन लिखवा रही है।
सेलिब्रिटीज और नेताओं ने जताई गाने पर नाराजगी
'सरके चुनर' गाने को लेकर कई सेलेब्रिटीज और नेताओं ने भी नाराजगी जताई है। कंगना रनौत ने बॉलीवुड पर 'वल्गैरिटी की सारी हदें पार करने' का आरोप लगाया। वहीं रवि किशन ने कहा कि ऐसे कंटेंट को बढ़ावा नहीं देना चाहिए जो सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाए। सिंगर अरमान मलिक ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि "कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग एक नए निचले स्तर पर पहुंच गई है।"
कानूनी पचड़े में फंसा गाना सरके चुनर', शिकायत दर्ज
यह विवाद अब कानूनी मोड़ भी ले चुका है। वकील विनीत जिंदल ने गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि इसमें बेहद अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है और इसके विजुअल्स पब्लिक डिसेंसी ( सार्वजनिक शालीनता) को प्रभावित करते हैं। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मेकर्स माफी के साथ गाने का नया वर्जन रिलीज कर सकते हैं।
