भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने बताया कि ‘भोजपुरी बवाल’ का ऑफर सबसे पहले उन्हें मिला था, लेकिन फीस ज्यादा होने के चलते उन्होंने शो छोड़ दिया। भाषा पर भी तंज कसा।
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का हिस्सा नहीं बनने की वजह साफ कर दी है। इस शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। खेसारी के मुताबिक, शो का ऑफर सबसे पहले उनके पास आया था, लेकिन फीस को लेकर बात नहीं बन सकी। उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ खुद को प्रमोट करने के लिए किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बनते। इतना ही नहीं, खेसारी ने शो के नाम और उसमें इस्तेमाल होने वाली भाषा पर भी सवाल उठाया है।
खेसारी लाल यादव ने ‘भोजपुरी बवाल’ क्यों ठुकराया?
खेसारी लाल यादव ने बज़ूका स्पॉटलाइट से बातचीत में बताया कि शो का ऑफर सबसे पहले उन्हीं के पास आया था। हालांकि, उनकी फीस ज्यादा होने के कारण वह इसका हिस्सा नहीं बने। उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा, “सबसे पहले मेरे पास ही शो आया था, मेरा अमाउंट थोड़ा ज्यादा हो गया। महंगा हूं, सस्ता नहीं हूं मैं।” एक्टर ने आगे साफ किया कि वह महज प्रमोशन के लिए किसी जगह जाना पसंद नहीं करते। उनके लिए जरूरी है कि जहां भी वह जाएं, उनकी मौजूदगी का कोई मतलब हो और वह उस मंच पर कुछ सार्थक कर सकें।
‘भोजपुरी बवाल’ के नाम पर खेसारी ने क्या कहा?
खेसारी ने शो के नाम को लेकर भी अपनी राय रखी। उनका कहना था कि अगर नाम ‘भोजपुरी बवाल’ रखा गया है तो बातचीत भी भोजपुरी में होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भोजपुरी बवाल सिर्फ नाम है, लेकिन कितनी बार भोजपुरी सुनते हो? अगर नाम भोजपुरी बवाल रखे हो तो बात भोजपुरी में होनी चाहिए। सब हिंदी में ही बात कर रहे हैं, लेकिन ठीक है...”
‘भोजपुरी बवाल’ में आम्रपाली दुबे ने क्या खुलासा किया?
शो हाल ही में आम्रपाली दुबे के एक निजी खुलासे को लेकर भी चर्चा में रहा। दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ से बातचीत के दौरान आम्रपाली ने मां बनने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि शादी से पहले भी वह एक बेटी को गोद लेने के बारे में सोच चुकी हैं। आम्रपाली ने कहा, “मैंने इसके बारे में बहुत सोचा है और फैसला किया है कि मैं एक बेटी को गोद लेना चाहती हूं।”
भोजपुरी बवाल में पवन सिंह की शादी को लेकर बढ़ी चर्चा
इसी बीच पवन सिंह की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में है। राधे मां ने भविष्यवाणी की कि 45 साल की उम्र में उन्हें एक “प्यार करने वाली पत्नी” मिलेगी। इस बयान के बाद पवन सिंह की संभावित तीसरी शादी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पवन सिंह की दो शादियां हो चुकी हैं, हालांकि तीसरी शादी को लेकर उनकी तरफ से कोई पुष्टि नहीं हुई है।
