एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। मुंबई में कुछ ही मिनटों में उनके क्रेडिट कार्ड से लगभग 2.5 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर कीर्ति कुल्हारी साइबर फ्रॉड का शिकार हो गई हैं। मुंबई के अंधेरी स्थित एक मल्टीप्लेक्स में मौजूद रहने के दौरान उनके मोबाइल और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग कर ठगों ने कुछ ही मिनटों में 2,43,852 रुपये की अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन कर दी। संदिग्ध विदेशी ट्रांजैक्शन का अलर्ट मिलते ही एक्ट्रेस ने तुरंत बैंक से संपर्क किया, जिसके बाद कार्ड ब्लॉक कर दिया गया। मामले में अंबोली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल डिजिटल सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
कीर्ति कुल्हारी के साथ साइबर फ्रॉड कैसे हुआ?
एफआईआर के मुताबिक, कीर्ति कुल्हारी अंधेरी वेस्ट के फन रिपब्लिक मॉल स्थित सिनेपोलिस थिएटर में थीं। इसी दौरान उनके बैंक से एरोमेक्सिको एयरलाइंस के नाम पर 2,525 अमेरिकी डॉलर की ट्रांजैक्शन का अलर्ट मिला। शक होने पर उन्होंने तुरंत बैंक की हेल्पलाइन पर संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने पुष्टि की कि एक्ट्रेस के क्रेडिट कार्ड से कुल चार अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन किए गए थे। इसके बाद सुरक्षा के तौर पर कार्ड तुरंत ब्लॉक कर दिया गया, ताकि आगे कोई और नुकसान न हो।
कीर्ति कुल्हारी ने पुलिस को क्या कुछ बताया?
अपने बयान में 'उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों की एक्ट्रेस ने कहा कि "मेरे क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड पूरी तरह गोपनीय था और मैंने इसे किसी के साथ साझा नहीं किया था।" शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनका मोबाइल फोन या कार्ड मैलवेयर या स्पाइवेयर के जरिए हैक किया गया हो सकता है। अंबोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल बैंक रेफरेंस नंबर, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगों की पहचान करने में जुटी है।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रही हैं कीर्ति कुल्हारी?
इस घटना से पहले कीर्ति कुल्हारी ने अपने करियर से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी साझा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि बतौर प्रोड्यूसर उनकी पहली फीचर फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि "जिंदगी ने मुझे सिखाया है कि हर चीज का एक सही समय होता है।" उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने करियर का अहम पड़ाव भी बताया। एक्ट्रेस के तौर पर 41 साल की कीर्ति को पिछली बार हिमेश रेशमिया स्टारर Badass Ravi Kumar को देखा गया था।
