Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 latest update: 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' शो को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि अब एक और एक्टर ने शो को अलविदा कह दिया है।
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ की कहानी में लगातार नए ट्विस्ट और बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच शो के एक और अहम कलाकार ने सीरियल को अलविदा कह दिया है। शगुन शर्मा के बाद अब Azhar J Malik की भी शो से विदाई हो गई है। अज़हर सीरियल में रौनक विरानी का किरदार निभा रहे थे, जो हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान के किरदार करण और नंदिनी के बेटे हैं।
क्यों छोड़ा Azhar J Malik ने ‘KSBKBT 2’?
ETimes से बातचीत में अज़हर ने शो छोड़ने की वजह पर खुलकर बात की। अभिनेता के मुताबिक, उनके किरदार की कहानी जिस दिशा में जा रही थी, वह काफी नेगेटिव हो गई थी। इसके साथ ही उनके दूसरे प्रोजेक्ट की शूटिंग डेट्स भी ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के साथ क्लैश कर रही थीं। अजहर ने बताया कि किरदार की राइटिंग के कारण कहानी लगातार एक नकारात्मक दिशा में बढ़ रही थी। दूसरी तरफ, वह Dharma Productions के एक अन्य प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे थे, जिसकी शूटिंग डेट्स शो के साथ टकरा रही थीं। ऐसे में उनके लिए दोनों प्रोजेक्ट्स को साथ लेकर चलना मुश्किल हो गया।
और पढ़ें - Kiara Advani ने वाइट कॉर्सेट लुक पर खर्च किए लाख, सबसे सस्ती स्कल्प्चरल स्कर्ट, डायमंड संग की स्टाइल
‘किरदार सिर्फ नेगेटिव नहीं, काफी डार्क हो गया था’
अभिनेता ने यह भी बताया कि रौनक का ट्रैक सिर्फ नेगेटिव नहीं रहा था, बल्कि कहानी काफी डार्क होती जा रही थी। इतना ही नहीं, अज़हर और प्रोडक्शन हाउस दोनों को लगा कि वह रौनक के किरदार के लिए उम्र में कुछ ज्यादा यंग नजर आ रहे हैं। ऐसे में दोनों पक्षों ने मिलकर पीछे हटने का फैसला किया। अज़हर के मुताबिक, कई बार मामला सिर्फ किरदार का नहीं होता, बल्कि यह भी मायने रखता है कि कहानी जिस समय और जिस जगह की मांग कर रही है, उसमें अभिनेता और किरदार सही तरह फिट हो रहे हैं या नहीं।
Dharma Productions के प्रोजेक्ट पर साधी चुप्पी
अज़हर ने अपने आगामी धर्मा प्रोडक्शंस प्रोजेक्ट को लेकर ज्यादा जानकारी शेयर करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि इस प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए उन्हें टीम के साथ देश से बाहर जाना होगा। अभिनेता ने फिल्म या अपने किरदार से जुड़ी बाकी डिटेल्स का खुलासा नहीं किया। ऐसे में अब उनके फैंस को उनके इस नए प्रोजेक्ट की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का हिस्सा बनना रहा खास अनुभव
शो छोड़ने के बावजूद अज़हर ने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का हिस्सा बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित शो से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। अभिनेता ने शो से जुड़े अपने अनुभव और टीवी के कई जाने-माने चेहरों के साथ काम करने को यादगार बताया। उनके मुताबिक, वह इस शो का हिस्सा बनने और यहां बिताए समय को हमेशा संजोकर रखेंगे।
शो में लगातार हो रहे हैं बदलाव
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के टेलीकास्ट के बाद से ही कहानी में लगातार ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। शो से अब तक कुछ कलाकारों की विदाई भी हो चुकी है, जबकि कहानी को आगे बढ़ाने के लिए नए ट्रैक जोड़े जा रहे हैं। ज़हर के रौनक विरानी के किरदार से बाहर होने के बाद अब देखना दिलचस्प होगा कि कहानी में उनके ट्रैक को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है और उनकी जगह शो में क्या नया ट्विस्ट आता है। बता दें, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ का प्रसारण सोमवार से रविवार रात 10:30 बजे होता है। टीवी के अलावा इसके एपिसोड JioHotstar पर भी स्ट्रीम किए जा सकते हैं। शो में स्मृति ईरानी, हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान, सुमीत सचदेव समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
