क्या 'महादेव एंड संस' में घरेलू हिंसा को रोमांस बनाकर दिखाया गया? क्या धीरज का रज्जी को थप्पड़ मारना, जलाना और डराना दर्शकों को भड़का गया? क्यों सोशल मीडिया पर मेकर्स के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा? क्या बच्चों पर पड़ सकता है गलत असर? आखिर इस विवादित सीन के बाद शो को लेकर इतनी बड़ी बहस क्यों छिड़ गई?
कलर्स टीवी के चर्चित शो 'महादेव एंड संस' को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ गई है। शो के एक हालिया एपिसोड में मुख्य किरदार धीरज को रज्जी के साथ कथित तौर पर हिंसक व्यवहार करते हुए दिखाया गया, जिसके बाद दर्शकों ने मेकर्स पर घरेलू हिंसा को ग्लोरिफाई करने के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने शो के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना कंटेंट बताया। अब यह विवाद सिर्फ एक सीन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि टीवी कंटेंट की जिम्मेदारी और उसके सामाजिक प्रभाव पर भी सवाल उठने लगे हैं।

विवाद की वजह बना यह सीन
विवाद उस एपिसोड के बाद शुरू हुआ जिसमें धीरज (असीम खान) को रज्जी (गर्विता साधवानी) को थप्पड़ मारते, धक्का देते और डराने-धमकाने वाले अंदाज में दिखाया गया। सीन में वह रज्जी को बिस्तर पर दबोचता है और कथित तौर पर गर्म इस्त्री से उसका हाथ भी जला देता है। इस दौरान रज्जी दर्द से चीखती नजर आती है, जबकि धीरज कहता है कि उसके मन में उसके लिए कोई भावना नहीं है और वह उससे सिर्फ नफरत करता है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
एपिसोड के प्रसारण के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों का गुस्सा देखने को मिला। एक यूजर ने लिखा, "ये लोग हिंसा को रोमांस की तरह दिखा रहे हैं। पहले धक्का दिया, थप्पड़ मारा, पानी फेंका और अब इस्त्री से जला दिया। आखिर यह सब किस नाम पर दिखाया जा रहा है?" एक अन्य यूजर ने प्रतिक्रिया दी, "आज जो देखा उस पर यकीन करना मुश्किल है। पहले किरदार को हिंसक दिखाया गया और फिर उसी व्यवहार को रोमांटिक बनाने की कोशिश की गई। यह बेहद परेशान करने वाला है।"
कहानी और किरदारों पर भी उठे सवाल
कुछ दर्शकों ने शो की कहानी पर भी सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, "मैं सिर्फ कलाकारों की वजह से शो देख रहा था, लेकिन अब कहानी पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। कोई भी किरदार अब जुड़ाव महसूस नहीं कराता।" वहीं दूसरे दर्शक ने कहा, "यह घरेलू हिंसा है। आखिर इस शो में क्या दिखाया जा रहा है? ऐसे दृश्य कई लोगों के लिए ट्रिगरिंग हो सकते हैं।" कई यूजर्स ने शो के सामाजिक प्रभाव पर भी सवाल खड़े किए। एक टिप्पणी में कहा गया, "घरेलू हिंसा कोई मजाक नहीं है। प्यार के नाम पर इसे सही ठहराना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। बच्चे भी ऐसे शो देखते हैं। आखिर उन्हें क्या संदेश दिया जा रहा है?"
शो 'महादेव एंड संस' के बारे में
'महादेव एंड संस' को सौरभ तिवारी ने बनाया और लिखा है। शो में शक्ति आनंद, गर्विता साधवानी और स्नेहा वाघ अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह शो कलर्स टीवी पर सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे टेलीकास्ट होता है।
