बहुप्रतीक्षित क्राइम फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' अब फिल्म के रूप में रिलीज से पहले ही चर्चा में है। कमाई को लेकर भी बड़े दावे हैं, लेकिन असली खेल फर्स्ट रिव्यू ने खोल दिया।

बड़े पर्दे पर उतरने जा रही पॉपुलर क्राइम फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर द मूवी' ने रिलीज से पहले ही माहौल गर्म कर दिया है। फिल्म में पुराने और सबसे चर्चित किरदारों की वापसी ने फैंस की उम्मीदें बढ़ाई हैं, वहीं शुरुआती रिव्यू सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा और तेज हो गई है। खास बात यह है कि फिल्म को लेकर सामने आया इनसाइड रिएक्शन इसकी तुलना फ्रेंचाइजी के पिछले सीजन से करता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म से बड़ी कमाई की उम्मीद लगाई जा रही है। अब सवाल है कि क्या ये फिल्म फैंस की हाई एक्सपेक्टेशन को सच में मैच कर पाएगी?

‘मिर्जापुर द मूवी’ का फर्स्ट रिव्यू क्या कहता है?

‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज से कुछ घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई। एक वायरल पोस्ट में फिल्म को लेकर इनसाइड रिपोर्ट साझा की गई है। दावा किया गया कि यह फिल्म वेब सीरीज के दूसरे और तीसरे सीजन से काफी बेहतर है। पोस्ट में लिखा है, “‘मिर्जापुर द मूवी’ की इनसाइड रिपोर्ट्स। ‘मिर्जापुर’ के फैंस, बस शो बुक कर लो। सीजन 1 जैसी उम्मीद मत रखना, लेकिन यह सीजन 2 और 3 से निश्चित तौर पर काफी बेहतर है। जो लोग ‘मिर्जापुर’ सीरीज नहीं देखते, उनके लिए भी यह देखने लायक गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर है।”

Scroll to load tweet…

‘मिर्जापुर द मूवी’ में कौन-कौन लौट रहा है?

फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फजल गुड्डू पंडित की भूमिका दोहराएंगे। सबसे बड़ा आकर्षण दिव्येंदु की मुन्ना भैया के रूप में वापसी है। इनके अलावा रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, श्रेया पिलगांवकर, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में हैं। सोनल चौहान, शीबा चड्ढा, हर्षिता गौर और अनंगशा बिस्वास भी फिल्म का हिस्सा हैं।

क्या है ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कहानी?

मेकर्स ने अभी कहानी को पूरी तरह पर्दे में रखा है। हालांकि, फिल्म में एक बार फिर मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई केंद्र में रहने की उम्मीद है। पुराने दुश्मन, अधूरे हिसाब और नए खतरे कहानी को आगे बढ़ा सकते हैं। यानी सत्ता के सिंहासन पर कब्जे की वही जंग अब वेब सीरीज से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंचने वाली है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषाओं में पेश की जाएगी। इसे गुरमीत सिंह ने निर्देशित किया है और कहानी पुनीत कृष्णा की लेखनी पर आधारित है। फिल्म को A सर्टिफिकेट मिला है और इसकी लंबाई 3 घंटे 17 मिनट बताई गई है, यानी यह इस साल की लंबी हिंदी थिएट्रिकल फिल्मों में शामिल है।

‘मिर्जापुर द मूवी’ से कमाई की कितनी उम्मीद?

फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़े नंबर की उम्मीद की जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में फिल्म की पहले दिन की कमाई 24 करोड़ रुपए तक होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, शुरुआती कमाई या एडवांस के आधिकारिक आंकड़ों की जगह फिलहाल सोशल मीडिया बज़ और फैंस की एक्साइटमेंट ज्यादा चर्चा में है। फिल्म की असली कमाई रिलीज के बाद ही तस्वीर साफ करेगी।

फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने किया है। कहानी को बड़े पर्दे के फॉर्मेट में लाने की जिम्मेदारी गुरमीत सिंह के निर्देशन में निभाई गई है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे का स्केल इस फ्रेंचाइजी के चर्चित क्राइम और पावर ड्रामे को कितना नया अंदाज देता है।