'मिर्जापुर: द मूवी' का धमाकेदार टीज़र रिलीज हो गया है। अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु की वापसी के साथ यह गैंगस्टर सागा सिनेमाघरों में भौकाल मचाने आ रही है।
ओटीटी की सबसे पॉपुलर क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी में शामिल 'मिर्जापुर' अब सिनेमाघरों का रुख करने जा रही है। मेकर्स ने 'मिर्जापुर: द मूवी' का मोस्ट अवैटेड टीज़र जारी कर दिया है, जिसने रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है। अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में नजर आने वाले हैं, जबकि जितेंद्र कुमार की 'बबलू पंडित' के रूप में एंट्री सबसे बड़ा सरप्राइज बनकर सामने आई है। पूर्वांचल की सत्ता, बदला, गैंगवार और राजनीतिक खेल को इस बार बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में पेश किया जाएगा। फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में रिलीज होगी।

OTT से थिएटर तक, 'मिर्जापुर' का सबसे बड़ा कदम
2018 में शुरू हुई 'मिर्जापुर' की कहानी अब एक नए अध्याय के साथ बड़े पर्दे पर पहुंच रही है। मेकर्स के मुताबिक फिल्म सीरीज की टाइमलाइन को आगे बढ़ाएगी और दर्शकों को एक ऐसी कहानी दिखाएगी जो अब तक स्क्रीन पर नहीं आई। यही वजह है कि इसे फ्रेंचाइजी का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। टीज़र में पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया, अली फज़ल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु की दमदार मौजूदगी ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। मिर्जापुर यूनिवर्स के ये तीन सबसे पॉपुलर चेहरे एक बार फिर सत्ता और बदले की नई कहानी में नजर आने वाले हैं। टीज़र की डार्क टोन और बड़े स्केल ने इसे पहले ही चर्चा का विषय बना दिया है।
सबसे बड़ा ट्विस्ट, 'बबलू पंडित' की वापसी, रवि किशन की एंट्री
फिल्म का सबसे चौंकाने वाला पहलू जितेंद्र कुमार की एंट्री है। वह 'बबलू पंडित' के किरदार में नजर आएंगे, जिसे फैंस लंबे समय से मिस कर रहे थे। इस किरदार की वापसी ने सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू कर दी है कि कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी। फिल्म में रवि किशन भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनकी मौजूदगी मिर्जापुर यूनिवर्स में एक नया राजनीतिक और पावर-गेम एंगल जोड़ सकती है। मेकर्स ने फिलहाल उनके किरदार को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।

राजस्थान से पूर्वांचल तक फैला 'मिर्ज़ापुर' का खेल
इस बार कहानी सिर्फ मिर्जापुर और पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहेगी। टीज़र से संकेत मिलता है कि फिल्म की दुनिया राजस्थान के रेगिस्तानों तक फैलेगी। बड़े लोकेशंस और सिनेमैटिक स्केल इसे वेब सीरीज से अलग अनुभव देने वाले हैं।
स्टारकास्ट बनी फिल्म की सबसे बड़ी ताकत
फिल्म में अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार और रवि किशन के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'मिर्जापुर: द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले पुनीत कृष्णा ने लिखा है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
