मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 कैजिया लिज मैजो चुनी गईं। जयपुर में हुए ग्रैंड फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी फर्स्ट रनरअप रहीं। सुष्मिता सेन, सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला प्रतियोगिता की जज थीं।
मैजो ने बाजी मारी। देर रात करीब 2:50 बजे विनर के नाम का ऐलान हुआ। आखिरी मुकाबले में कैजिया के साथ तमिलनाडु की वैष्णवी, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ टॉप-5 में पहुंचीं। प्रतियोगिता के अंतिम राउंड में सभी फाइनलिस्ट को जजों के सामने 40 सेकेंड का क्लोजिंग रिमार्क देना था। अपने जवाब और विचारों से कैजिया ने जजिंग कमेटी को प्रभावित किया। अब वह भारत का प्रतिनिधित्व 75वें मिस यूनिवर्स कॉम्पिटिशन में करेंगी।
कौन बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की विनर?
केरल की 19 साल की कैजिया लिज मैजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में 52 सुंदरियों के बीच मुकाबला हुआ। अंतिम चरण में कैजिया के 40 सेकेंड के क्लोजिंग रिमार्क ने उन्हें निर्णायक बढ़त दिलाई। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मनिका विश्वकर्मा ने कैजिया के सिर पर ताज सजाया। खिताब जीतने के बाद कैजिया भावुक नजर आईं।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में कौन रहीं टॉप-5 फाइनलिस्ट?
टॉप-5 में केरल की कैजिया लिज मैजो के अलावा तमिलनाडु की वैष्णवी, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं। अंतिम नतीजों में कैजिया विजेता बनीं। तमिलनाडु की वैष्णवी फर्स्ट रनरअप, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर सेकेंड रनरअप, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव थर्ड रनरअप और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ फोर्थ रनरअप चुनी गईं।
कैजिया लिज मैजो ने फिनाले में क्या किया?
फिनाले के आखिरी राउंड में पांचों फाइनलिस्ट को जजों के सामने 40 सेकेंड का क्लोजिंग रिमार्क पेश करना था। इसमें उन्हें जिंदगी को लेकर अपना नजरिया, चुनौतियों से निपटने की सोच और भविष्य को लेकर अपने विचार रखने थे। कैजिया लिज मैजो अपने क्लोजिंग रिमार्क से जजिंग कमेटी को प्रभावित करने में सफल रहीं और इसी के साथ उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज हासिल किया।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में कौन-कौन जज बना?
इस साल जजिंग पैनल में बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन, सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला शामिल रहीं। फिल्म प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर भी जज पैनल का हिस्सा थीं। सुष्मिता सेन ने 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। सेलिना जेटली ने 2001 में मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज अपने नाम किया था और उसी साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में फोर्थ रनरअप रही थीं। वहीं उर्वशी रौतेला ने 2015 में मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था।
कैजिया लिज मैजो अब किस इंटरनेशनल प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा?
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने के बाद कैजिया लिज मैजो अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इस जीत के साथ केरल की कैजिया के सामने अब भारत को वैश्विक मंच पर रिप्रेजेंट करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
