मृणाल ठाकुर ने यशस्वी जायसवाल संग डेटिंग की अफवाहों पर वायरल वीडियो के जरिए सफाई दी। इससे पहले उनका नाम धनुष के साथ भी जोड़ा गया था।
Mrunal Thakur Yashasvi Jaiswal Dating Rumours: एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर चल रही अपनी डेटिंग की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में उनका नाम क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल के साथ जोड़ा गया था। दोनों की उम्र में करीब 10 साल का अंतर है। मृणाल 34 साल की हैं, जबकि यशस्वी अभी सिर्फ 24 साल के हैं। दोनों के डेटिंग की चर्चा तब शुरू हुई, जब उन्हें मुंबई के बांद्रा वेस्ट में एक ही कैफे में देखा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं।
वायरल वीडियो पर मृणाल ठाकुर ने किया कमेंट
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल को मुंबई के एक ही कैफे से बाहर निकलते हुए दिखाया गया। इसी वीडियो की एक क्लिप पर मृणाल ने कमेंट कर अफवाहों पर सवाल उठाया। मृणाल ने लिखा, "ब्रो रिलैक्स... मुझे दिखाओ हम साथ में कहां हैं? तुम जैसे पढ़े-लिखे लोग इन अफवाहों को सच कैसे मान सकते हैं? देश में क्या कुछ नहीं हो रहा है। Gen Z से कुछ सीखो और सही मुद्दों पर वीडियो बनाओ और ज्यादा व्यूज़ मिलेंगे।" हालांकि, अब उस वीडियो के नीचे मृणाल का कमेंट दिखाई नहीं दे रहा है। लेकिन उनके जवाब का एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
धनुष के साथ भी जुड़ चुका है मृणाल ठाकुर का नाम
यशस्वी जायसवाल से जुड़ी अफवाहों से पहले साल 2025 में मृणाल ठाकुर का नाम एक्टर धनुष के साथ भी जोड़ा गया था। यह चर्चा अगस्त 2025 में शुरू हुई थी। उस समय मृणाल अपनी फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' के प्रीमियर पर धनुष से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए गई थीं। दोनों के बीच हुई बातचीत को देखकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि धनुष खास तौर पर मृणाल को सपोर्ट करने के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग में पहुंचे थे।
2026 में शादी की खबरों को भी बताया गया था अफवाह
कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया था कि मृणाल ठाकुर और धनुष साल 2026 में शादी कर सकते हैं। हालांकि, न तो मृणाल और न ही धनुष ने इन खबरों पर सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि की थी। वहीं, एक्टर के करीबी लोगों ने भी इन दावों को खारिज किया था।
मृणाल ठाकुर ने टीवी से शुरू किया था एक्टिंग करियर
मृणाल ठाकुर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। उन्होंने 'मुझसे कुछ कहती है...ये खामोशियां' (2012) और 'कुमकुम भाग्य' (2014-2016) जैसे टीवी शो में काम किया। इसके बाद उन्होंने साल 2018 में फिल्म 'लव सोनिया' से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। बाद में वह 'सुपर 30' (2019) और 'बाटला हाउस' (2019) जैसी फिल्मों में फीमेल लीड रोल में नजर आईं।
तेलुगु फिल्मों से मिली मृणाल को खास पहचान
हिंदी सिनेमा में कुछ फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद मृणाल ने तेलुगु सिनेमा का रुख किया। साल 2022 में आई फिल्म 'सीता रामम' में उनके काम को काफी पसंद किया गया। इसके बाद 'हाय नन्ना' (2023) ने भी उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया।
इन फिल्मों में नजर आएंगी मृणाल ठाकुर
मृणाल ठाकुर को हाल ही में वरुण धवन स्टारर 'है जवानी तो इश्क होना है' में पूजा हेगड़े के साथ देखा गया था। उनकी आने वाली फिल्मों में 'पूजा मेरी जान' और तेलुगु फिल्म 'राका' शामिल हैं।


