मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में कई साथी कलाकार पहुंचे, लेकिन बड़े स्टार्स की गैरमौजूदगी पर रजा मुराद ने नाराजगी जताई। वीडियो में उन्होंने सितारों की प्रायोरिटी पर सवाल उठाए।

बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। लेकिन उनके जनाजे में बड़े फिल्मी चेहरों की गैरमौजूदगी ने अभिनेता रजा मुराद को आहत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बॉलीवुड के बड़े स्टार्स की प्रायोरिटी पर सवाल उठाए। मुश्ताक खान का 24 सितंबर 2026 को निधन हुआ था। वह कैंसर से जूझ रहे थे। अगले दिन यानी 25 सितंबर को मुंबई में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजपाल यादव, रजत बेदी, अन्नू कपूर, गजेंद्र चौहान, जयाभट्टाचार्य और अन्य कलाकार उनकी अंतिम विदाई में पहुंचे थे।

रजा मुराद ने बड़े स्टार्स पर उठाए सवाल

रजा मुराद ने अपने वीडियो में कहा कि मुश्ताक खान के कई साथी कलाकार और सहकर्मी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे, लेकिन उनके मुताबिक कोई बड़ा स्टार वहां नजर नहीं आया। उन्होंने इसे दुखद बताते हुए कहा कि मुश्ताक खान ने अपनी जिंदगी के करीब 50 साल फिल्म इंडस्ट्री को दिए थे। रजा मुराद ने यह भी कहा कि ऐसे मौके पर किसी साथी कलाकार को अंतिम सलाम देने के लिए कुछ समय निकाला जा सकता था। उन्होंने किसी खास अभिनेता या अभिनेत्री का नाम नहीं लिया।

‘उद्योगपति के बेटे की शादी होती तो...’

अपने वीडियो में रजा मुराद ने बॉलीवुड सितारों की प्राथमिकताओं को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर किसी उद्योगपति के बेटे की शादी होती तो यही सितारे वहां पहुंचते और मेहमानों की सेवा तक करते। उन्होंने इसी तुलना के जरिए सवाल उठाया कि जिस कलाकार ने दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया, उसके अंतिम सफर में शामिल होने के लिए बड़े सितारे समय क्यों नहीं निकाल पाए।

View post on Instagram
 

‘शोहरत और दौलत हमेशा नहीं रहती’

रजा मुराद ने अपने वीडियो में फिल्मी सितारों को यह भी याद दिलाया कि शोहरत और दौलत हमेशा एक जैसी नहीं रहती। उन्होंने कहा कि आखिर में व्यक्ति का व्यवहार और लोगों के साथ उसका रिश्ता ज्यादा मायने रखता है। उनकी इस कमेंट का केंद्र मुश्ताक खान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़े फिल्मी चेहरों की अनुपस्थिति थी।

View post on Instagram
 

मुश्ताक खान का करीब पांच दशक का फिल्मी सफर

मुश्ताक खान ने हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक काम किया और कई फिल्मों में सपोर्टिंग और कॉमिक किरदार निभाए। वह ‘वेलकम’ (Welcome), ‘गदर: एक प्रेम कथा’ (Gadar: Ek Prem Katha), ‘आशिकी’ (Aashiqui) और ‘हम हैं राही प्यार के’ (Hum Hain Rahi Pyaar Ke) जैसी फिल्मों में नजर आए थे। उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें याद किया। उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे कलाकारों ने भी दिवंगत अभिनेता के साथ अपने अनुभव शेयर किए।