Naseeruddin Shah Jashn e Urdu Controversy: नसीरुद्दीन शाह हैदराबाद एयरपोर्ट पर रिपोर्टर के सवालों से नाराज़ हो गए। जश्न-ए-उर्दू कार्यक्रम से हटाए जाने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बात करने से इनकार किया और माइक हटाते हुए मीडिया पर नाराज़गी जताई।

दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह हाल ही में एक ओपिनियन आर्टिकल को लेकर सुर्खियों में आए थे, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उन्हें मुंबई यूनिवर्सिटी के जश्न-ए-उर्दू कार्यक्रम से आखिरी समय पर हटा दिया गया। उन्होंने इस फैसले के पीछे राजनीतिक कारणों की ओर इशारा भी किया था। इसी मुद्दे पर जब उनसे सवाल पूछा गया गया तो वे बुरी तरह भड़क गए। घटना उस वक्त की है, जब हाल ही में 75 साल के नसीरुद्दीन शाह पत्नी रत्ना पाठक के साथ हैदराबाद एयरपोर्ट पर दिखाई दिए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पत्रकार ने सवाल पूछा तो भड़के नसीरुद्दीन शाह

टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक़, हैदराबाद एयरपोर्ट पर मौजूद एक पत्रकार ने नसीरुद्दीन शाह से उनके विवादित आर्टिकल को लेकर सवाल पूछने की कोशिश की। पहले तो 'सरफ़रोश' स्टार ने विनम्रता से जवाब देने से इनकार कर दिया। लेकिन पत्रकार ने उनके पीछे-पीछे उनकी कार तक पहुंच गया, जिससे उनका पारा चढ़ गया। नसीरुद्दीन शाह ने गुस्से में रिपोर्टर का माइक हटाते हुए कहा, "मैंने आपको कहा ना कि मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता।"

रिपोर्टर- नसीरुद्दीन शाह के बीच हुई तीखी बहस

रिपोर्टर ने सवाल किया, "आप माइक क्यों हटा रहे हैं?" जवाब में तमतमाए नसीर बोले, "क्योंकि आप यह मेरे मुंह में घुसा रहे हैं।" रिपोर्टर ने फिर सवाल किया, "आप गुस्सा क्यों हो रहे हैं सर?" इस पर नसीरुद्दीन शाह ने कहा, "क्योंकि आप मुझे परेशान कर रहे हैं। इसे मेरे चेहरे के सामने से हटाओ।" इसी बीच एयरपोर्ट पर मौजूद एक महिला ने पत्रकार से कहा, "जब वो जवाब नहीं देना चाहते हैं तो आप 'ना' को जवाब क्यों नहीं मान लेते।" 

नसीरुद्दीन शाह को पत्नी रत्ना ने किया शांत

नसीर ने भड़कते हुए रिपोर्टर से आगे कहा, "क्या आपको यह नहीं दिख रहा कि मैं अभी-अभी सफ़र से लौटा हूं और मैंने आपसे विनम्रता से कहा कि मुझे इस बारे में बात नहीं करनी है। आप मुझे परेशान क्यों कर रहे हैं?" जब रिपोर्टर ने कहा कि वह उन्हें परेशान नहीं कर रहा है तो नसीरुद्दीन शाह बोले, "आप मुझे परेशान कर रहे हैं। क्या आप समझ भी रहे हो कि मैं क्या कह रहा हूं।" हालात बिगड़ते देख नसरुद्दीन शाह को उनकी पत्नी रत्ना पाठक ने उन्हें शांत रहने को कहा और फिर दोनों कार में बैठकर वहां से रवाना हो गए।