‘हनुमान अंश’ की बंपर सफलता के बीच डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने खुलासा किया है कि उन्हें फिल्म थिएटर में रिलीज न करने की सलाह मिली थी। ओटीटी ने भी इसे ठुकराया था।

नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों से कहीं आगे निकल चुकी है। लगभग 1.8 करोड़ रुपए के बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म धीमी शुरुआत के बाद ऐसा पलटवार किया कि अब इसकी सफलता की चर्चा हर तरफ है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने से पहले फिल्म को कई मुश्किल फैसलों से गुजरना पड़ा था। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अब उस दौर से जुड़ी ऐसी बातें बताई हैं, जो फिल्म की रिलीज से पहले की इंडस्ट्री सोच पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने सिनेमाघरों का रास्ता छोड़कर OTT के जरिए निवेश निकालने की सलाह दी थी। वहीं, ओटीटी पिच के दौरान मिले रिएक्शंस भी उन्हें बेहद आपत्तिजनक लगे।

'हनुमान अंश' को थिएटर में रिलीज न करने की मिली थी सलाह

द रौनक पॉडकास्ट से बातचीत में विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि कई लोगों ने उन्हें फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज करने से रोकने की सलाह दी थी। उनसे कहा गया कि फिल्म किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म को बेचकर शुरुआती निवेश वापस निकाल लेना बेहतर होगा। उन्होंने बताया, “बहुत से लोगों ने हमें फिल्म थिएटर में रिलीज न करने को कहा और कई लोगों ने सलाह दी कि इसे किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म को बेचकर अपना पैसा निकाल लो। कुछ लोगों ने यह भी पूछा कि हमने फिल्म क्यों बनाई, जबकि इसी विषय पर पहले से एक फिल्म मौजूद है। वह फिल्म नहीं चली, इसलिए तुम्हारी फिल्म भी नहीं चलेगी।”

यह भी पढ़ें : 'हनुमान अंश' ने 'धुरंधर' से छीना नं. 1 का ताज, 5वें शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर लिखा नया इतिहास

हालांकि, विशाल और उनके निर्माताओं ने थिएटर रिलीज का फैसला पहले ही कर लिया था। उन्होंने आगे कहा, “अगर आप फिल्म को थिएटर में रिलीज नहीं करते तो उसकी सफलता को मापने का कोई तरीका नहीं है।”

ओटीटी प्लेटफॉर्म ने हनुमान अंश को क्यों ठुकराया?

इंडिया टीवी से बातचीत में विशाल ने बताया कि फिल्म बनाने के शुरुआती दौर में उन्होंने कई ओटीटी प्लेटफॉर्म से संपर्क किया था। एक प्लेटफॉर्म पर वह दूसरी कहानी लेकर गए थे, जहां उनसे भारतीय कहानी में अंतरराष्ट्रीय अपील के बारे में पूछा गया। इसके बाद उन्होंने महाराज जी की कहानी भावनात्मक तरीके से सुनाई। विशाल के मुताबिक, कहानी को जिस अंदाज में खारिज किया गया, उससे वह बेहद आहत हुए। उन्होंने कहा, “जिस तरह उन्होंने कहानी को रिजेक्ट किया और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, मुझे वह आपत्तिजनक लगा।”

‘नैरेटिव में कचरा भरा है : विशाल चतुर्वेदी

डायरेक्टर ने ओटीटी के रिएक्शन पर आगे कहा, “जिस तरह उन्होंने कहा, मुझे लगा कि उनके दिमाग में नैरेटिव कचरे से भरा हुआ है और अब उस नैरेटिव को तोड़ना जरूरी है।” उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब फिल्म थिएटर में अपनी पकड़ लगातार मजबूत कर रही है और शुरुआती नकारात्मक उम्मीदों को गलत साबित कर चुकी है।

यह भी पढ़ें : कौन है ‘हनुमान अंश’ भजन 'पार्वती' में दिखी खूबसूरत लड़की? शाहरुख़ खान संग कर चुकी काम

हनुमान अंश की बॉक्स ऑफिस कहानी क्या है?

7 अगस्त को रिलीज हुई 'हनुमान अंश' ने पहले दिन महज 10 लाख रुपए कमाए थे। इसके बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते तीसरे हफ्ते में इसकी कमाई में बड़ा उछाल आया। अब फिल्म भारत में 100 करोड़ रुपए के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुकी है। अभी इसकी इंटरनेशनल रिलीज होना बाकी है। फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं, जबकि इसके लेखक, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर डॉ. विशाल चतुर्वेदी हैं। फिल्म में चंदन आनंद, विहान शेडगे, अनिल रस्तोगी और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकारों की भी अहम् भूमिका है।