Ramayana: रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ का क्रेज पाकिस्तान तक पहुंच गया है। कराची में हिंदू समुदाय ने ढोल, भजन और ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ फिल्म का जश्न मनाया और ऑस्कर की उम्मीद जताई।
रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) रिलीज से पहले ही दुनियाभर में चर्चा बटोर रही है। भारत में इस मूवी को लेकर जहां लोगों में जबरदस्त उत्साह है, वहीं अब इसकी दीवानगी पाकिस्तान तक पहुंच गई है। कराची में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों ने फिल्म का जश्न मनाया। इस दौरान कहीं ढोल की थाप सुनाई दी तो कहीं ‘जय श्री राम’ के नारे गूंजे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
कराची में हिंदू समुदाय ने मनाया ‘रामायण’ का जश्न
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पाकिस्तान के कराची शहर के हिंदू समुदाय के लोग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो यूट्यूबर सुमित चांगरा ने अपने चैनल पर शेयर किया है, जिसमें लोकल लोग फिल्म के पोस्टर के साथ जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाएं पारंपरिक कपड़ों में ढोल की धुन पर नाचती नजर आती हैं। वहीं, कुछ लोग भगवान राम के जयकारे लगाते और भजन गाते सुनाई देते हैं। इस दौरान जुबिन नौटियाल का भजन 'मेरे घर राम आए हैं' भी सुनाई देता है।
कराची के मंदिर में लगाया फिल्म का पोस्टर
इस जश्न का एक खास पल तब देखने को मिला, जब लोग फिल्म का पोस्टर लेकर कराची के एक मंदिर पहुंचे। यहां पोस्टर रखा गया और फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। वीडियो में मौजूद लोगों का कहना है कि 'रामायण' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह उनकी परंपराओं, संस्कृति और पीढ़ियों से जुड़ी विरासत का हिस्सा है। उन्होंने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी को शुभकामनाएं दीं। कुछ लोगों ने यह उम्मीद भी जताई कि फिल्म दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन करेगी और अगले साल ऑस्कर तक पहुंच सकती है।

और पढ़ें: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का पहला रिव्यू आया सामने, जानें फिरंगी ऑडियंस ने क्या कहा
कब रिलीज होगी रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज की जाएगी। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। वहीं, इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज किए जाने की योजना है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
और पढ़ें: Ranbir Kapoor की ‘रामायण’ के सामने ‘एनिमल’ की चुनौती, क्या टूटेगा 13.19 मिलियन डॉलर का रिकॉर्ड?




