'लगान' और 'गजनी' जैसी फिल्मों के दमदार एक्टर प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर ने सबको हैरान कर दिया है। अब इसकी वजह भी सामने आ गई है।

हिंदी, तमिल, तेलुगु और नेपाली फिल्मों में अपने दमदार निगेटिव किरदारों से पहचान बनाने वाले दिग्गज एक्टर प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। 'लगान' के देवा सिंह और 'गजनी' समेत कई यादगार फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। जानकारी के मुताबिक कैंसर दोबारा लौटने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और वह करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। एक्टर यशपाल शर्मा ने भी भावुक पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदीप रावत का निधन कैसे हुआ?

प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि एक्टर कैंसर से पीड़ित थे और बीमारी दोबारा लौट आई थी। 4 अगस्स्त की शाम एचटी सिटी से बातचीत में उन्होंने कहा, "वह कैंसर से जूझ रहे थे और बीमारी फिर से लौट आई थी। कुछ घंटे पहले उनका निधन हो गया।" जानकारी के मुताबिक प्रदीप रावत पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनके परिवार में पत्नी और बेटे विक्रमादित्य हैं।

यशपाल शर्मा ने कैसे दी श्रद्धांजलि?

एक्टर यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर प्रदीप रावत को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, "प्रदीप रावत... हमारे 'गजनी' और 'लगान' के देवा... ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।" उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

प्रदीप रावत कौन थे?

प्रदीप रावत का फिल्मी सफर चार दशक से भी ज्यादा लंबा रहा। उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, नेपाली समेत कई फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा का किरदार निभाया था, जिससे उन्हें शुरुआती लोकप्रियता मिली।प्रदीप रावत ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया। खास तौर पर निगेटिव किरदारों के लिए उन्हें खूब सराहा गया। उनकी चर्चित फिल्मों में लगान, गजनी, सई (Sye)और राउडी राठौर आदि शामिल हैं।