बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजकुमार राव के 42वें जन्मदिन पर जानिए उनका संघर्ष, जब अकाउंट में सिर्फ ₹18 थे, ₹4 का लंच करते थे और आज बड़े एक्टर्स में शामिल हैं।
Rajkumar Rao Birthday Special: राजकुमार राव हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन एक्टर्स में शामिल हैं। सोमवार 31 अगस्त को वे 42 साल के हो गए। उन्होंने मुंबई में गुजारा करने के लिए संघर्ष किया और धीरे-धीरे बॉलीवुड के सबसे चर्चित और सम्मानित कलाकारों में अपनी जगह बनाई। राजकुमार राव ने अपने अभिनय से कई बार साबित किया है कि शानदार प्रदर्शन के लिए सिर्फ बड़े बजट और बड़े स्टारडम की जरूरत नहीं होती।
स्कूल के दिनों से ही एक्टर बनना चाहते थे राजकुमार राव
राजकुमार राव ने 2024 में रणवीर इलाहाबादिया के साथ बातचीत के दौरान अपने शुरुआती दिनों के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि वह स्कूल के समय से ही एक्टर बनना चाहते थे और थिएटर से भी जुड़े हुए थे। उनकी मां ने उनके अंदर छिपे इस जुनून को सबसे पहले पहचाना। उन्होंने राजकुमार को एक्टिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके सपने को पूरा करने में उनका साथ दिया।
एक्टिंग स्कूल जाने के लिए रोज 140 KM साइकिल चलाते थे
गुरुग्राम में रहने वाले राजकुमार राव ने बताया कि जब वह 18 साल के थे, तब एक्टिंग सीखने के लिए हर दिन गुरुग्राम से दिल्ली तक साइकिल चलाकर जाते थे। वह श्री राम सेंटर में एक्टिंग स्कूल जाते थे और रोजाना करीब 140 किलोमीटर का सफर साइकिल से पूरा करते थे। सफर के दौरान वह अपने वॉकमैन पर 'लक्ष्य को हर हाल में पाना है' और 'पापा कहते हैं' जैसे गाने सुना करते थे। राजकुमार ds मुताबिक, अब यह कहानी सुनने में भले ही रोमांचक लगती हो, लेकिन उस समय यही उनकी जिंदगी की सच्चाई थी। उन्हें इस मुश्किल सफर से कोई परेशानी नहीं थी, क्योंकि उनके सामने एक्टर बनने का सपना था।
मुंबई में संघर्ष के दौरान अकाउंट में बचे थे सिर्फ ₹18
राजकुमार राव को दिबाकर बनर्जी की फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' से पहला बड़ा ब्रेक मिला। हालांकि, इस फिल्म के लिए उन्हें ज्यादा पैसे नहीं मिले थे। उन्होंने बताया था कि इस फिल्म से उन्होंने करीब ₹11,000 कमाए, जो लगभग एक महीने तक उनके काम आए। आर्थिक तंगी के बावजूद राजकुमार ने यह तय किया था कि वह सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी भी प्रोजेक्ट को स्वीकार करने के जाल में नहीं फंसेंगे। उनके संघर्ष का सबसे मुश्किल दौर मुंबई में आया, जब उनके पास खाना खरीदने तक के पैसे नहीं थे। उन्होंने बताया था कि एक समय उनके बैंक अकाउंट में सिर्फ ₹18 बचे थे।
लंच में खाते थे पार्ले-जी और फ्रूटी
राजकुमार ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया था कि मुंबई में वह तीन लोगों के साथ एक फ्लैट में रहते थे। पैसे बचाने के लिए वो कई बार दोपहर का खाना तक छोड़ देते थे। लंच के समय वो एक पार्ले-जी और फ्रूटी पी लिया करते थे। उस समय उनके पूरे लंच का खर्च करीब ₹4 आता था। उन्होंने बताया कि जब पैसे खत्म हो जाते थे, तब उनकी मां किसी तरह पैसे का इंतजाम करके उन्हें भेजती थीं। आर्थिक परेशानी के उस दौर में उनकी मां ने उनका लगातार साथ दिया।
अब 81 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं राजकुमार राव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजकुमार राव की नेटवर्थ अब 81 करोड़ रुपये है। उनकी ज़्यादातर कमाई फिल्मों से होती है। भले ही वह एक टैलेंटेड लीडिंग एक्टर हैं, लेकिन उनकी फीस उनके साथ काम करने वाले कई दूसरे स्टार्स के मुकाबले काफी कम है। एक रिपोर्ट के अनुसार, राव अपनी फिल्म के लिए 5-6 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। कहा जाता है कि उन्होंने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्त्री 2' के लिए 6 करोड़ रुपये कमाए थे। उनके पास कई ब्रांड्स के साथ काम करने का अनुभव भी है और वे विज्ञापनों से भी कमाई करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे ऐड फिल्म के लिए 1-2 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं।
'लव सेक्स और धोखा' के बाद मिली पहचान
'लव सेक्स और धोखा' के बाद राजकुमार राव ने कई चर्चित और समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों में काम किया। इनमें 'गैंग्स ऑफ वासेपुर 2', 'काई पो चे!', 'क्वीन', 'शैतान', 'अलीगढ़' और 'शाहिद' जैसी फिल्में शामिल हैं। फिल्म 'शाहिद' में उनके अभिनय को खास तौर पर काफी सराहना मिली। इस फिल्म के लिए राजकुमार राव को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
अब 'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी' में नजर आएंगे राजकुमार राव
राजकुमार राव को आखिरी बार सान्या मल्होत्रा के साथ 'टोस्टर' में देखा गया था। अब वे 'प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी' में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म मशहूर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके करियर पर आधारित बायोग्राफिकल कोर्टरूम ड्रामा है। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण कर रहे हैं, जबकि इसे दिनेश विजान मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर, आशीष विद्यार्थी, ललित प्रभाकर और ऋत्विक सहोरे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


