दिग्गज पत्रकार ज्योति वेंकटेश के एक दावे ने राम गोपाल वर्मा और उर्मिला मातोंडकर के पुराने रिश्ते को फिर सुर्खियों में ला दिया। जानिए क्या है पूरा मामला।
1990 के दशक में बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा और अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही थीं। अब एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में है। वरिष्ठ फिल्म पत्रकार ज्योति वेंकटेश ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि दोनों ने कथित तौर पर गुपचुप शादी भी की थी। उन्होंने बताया कि यह जानकारी उन्हें एक्टर चिरंजीवी से मिली थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि खबर प्रकाशित करने से पहले उन्होंने उर्मिला और राम गोपाल वर्मा दोनों से बात की थी। इस पूरे मामले पर अब तक दोनों कलाकारों की ओर से किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
क्या है राम गोपाल वर्मा और उर्मिला की कथित गुपचुप शादी का दावा?
सिद्धार्थ कनन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान वरिष्ठ पत्रकार ज्योति वेंकटेश ने दावा किया कि उन्हें एक्टर चिरंजीवी ने बताया था कि राम गोपाल वर्मा और उर्मिला मातोंडकर ने कथित तौर पर आंध्र प्रदेश के एक मंदिर में शादी की थी। उनके मुताबिक, चिरंजीवी ने यहां तक कहा कि शादी कराने वाले पुजारी का संपर्क भी उनके पास मौजूद है।
उर्मिला मातोंडकर ने इस दावे पर क्या प्रतिक्रिया दी थी?
ज्योति वेंकटेश के अनुसार, खबर पब्लिश करने से पहले उन्होंने उर्मिला से बात की। उनका दावा है कि यह बात सुनकर एक्ट्रेस इमोशनल हो गईं और उन्होंने कहा, "आप मेरे बारे में ऐसा कैसे लिख सकते हैं? आप मुझे उस समय से जानते हैं, जब मैंने इंडस्ट्री में कदम रखा था।" पत्रकार का दावा है कि उन्होंने इस विषय पर राम गोपाल वर्मा से भी संपर्क किया, लेकिन फिल्ममेकर ने इस पूरे मामले पर कोई कमेंट करने से इनकार कर दिया। इस वजह से कथित शादी की खबर की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
राम गोपाल वर्मा- उर्मिला मातोंडकर का रिश्ता खत्म होने की वजह?
ज्योति वेंकटेश ने इंटरव्यू में यह भी दावा किया कि उर्मिला इस रिश्ते को कानूनी शादी का रूप देना चाहती थीं, जबकि उस समय राम गोपाल वर्मा इसके लिए तैयार नहीं थे। कथित तौर पर इसी मतभेद के चलते दोनों अलग हो गए। हालांकि, इस दावे की भी किसी पक्ष ने पुष्टि नहीं की है।
क्यों जुड़ता रहा राम गोपाल वर्मा-उर्मिला मातोंडकर का नाम?
राम गोपाल वर्मा और उर्मिला मातोंडकर ने 1990 के दशक और 2000 की शुरुआत में कई सफल फिल्मों में साथ काम किया। इनमें 'रंगीला', 'दौड़', 'सत्या' और 'प्यार तूने क्या किया' जैसी फिल्में शामिल हैं। लगातार साथ काम करने की वजह से दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय तक चर्चाएं होती रहीं। उस दौर में ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आई थीं कि इन अफवाहों का असर राम गोपाल वर्मा की तत्कालीन पत्नी रत्ना वर्मा के साथ उनके रिश्ते पर भी पड़ा था।
ऑटोबायोग्राफी में उर्मिला मातोंडकर को लेकर RGB ने क्या लिखा?
राम गोपाल वर्मा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'Guns & Thighs: The Story of My Life' में उर्मिला का जिक्र किया है। 'Women in My Life' शीर्षक वाले चैप्टर में उन्होंने स्वीकार किया कि वह उर्मिला की खूबसूरती से बेहद प्रभावित थे। उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी खूबसूरती ने उन्हें फिल्म 'रंगीला' में उर्मिला को लीड एक्ट्रेस के तौर पर कास्ट करने के लिए प्रेरित किया था।
