'रामायणम्' ने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अब रणबीर कपूर की फिल्म के सामने सिर्फ एक नहीं, बल्कि दो बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रिकॉर्ड चुनौती बनकर खड़ा है।

नितेश तिवारी की 'रामायणम्' की रफ्तार भले ही वीकडेज में थोड़ी धीमी पड़ी हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का दबदबा कायम है। सोमवार को कलेक्शन में गिरावट के बाद मंगलवार को भी दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक नया मुकाम हासिल कर लिया है और अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में ऊपर पहुंच गई है। रणबीर कपूर और यश की इस फिल्म के सामने अब अगला बड़ा लक्ष्य कौन-सी ब्लॉकबस्टर है? आइए जानते हैं पूरा बॉक्स ऑफिस गणित।

दूसरे मंगलवार को कितनी हुई 'रामायणम्' की कमाई?

मजबूत दूसरे वीकेंड के बाद 'रामायणम्' ने सोमवार यानी 12वें दिन भारत में 32 करोड़ रुपए नेट कमाए। दूसरे मंगलवार, 17 नवंबर को 13वें दिन फिल्म ने 10.3 फीसदी की गिरावट के साथ 28.70 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। यह कमाई अलग-अलग भाषाओं के 22,551 शो से आई। इसके साथ भारत में कुल नेट कलेक्शन 821.30 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 981.50 करोड़ रुपए हो गया।

हिंदी के बाद 'रामायणम्' के किस वर्जन ने कमाए सबसे ज्यादा?

मंगलवार के कलेक्शन में हिंदी वर्जन सबसे आगे रहा। इसने 17,867 शो से 21 करोड़ रुपए कमाए। दूसरे नंबर पर मलयालम वर्जन रहा, जिसने 1,070 शोज से 2.35 करोड़ रुपए कूटे। फिर कन्नड़ वर्जन का योगदान 2.10 करोड़ रुपए रहा, जबकि तमिल और तेलुगु वर्जन ने क्रमशः 1.75 करोड़ और 1.50 करोड़ रुपए जोड़े। इससे साफ है कि फिल्म को हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी दर्शक मिल रहे हैं।

'रामायणम्' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कितना हुआ?

मंगलवार को 'रामायणम्' ने विदेशों से लगभग 12 करोड़ रुपए कूटे, जिसकी बदौलत टोटल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 500 करोड़ के आंकड़े को पार करते हुए 502 करोड़ रुपए हो गया है। भारत के ग्रॉस आयर ओवरसीज के ग्रॉस कलेक्शन को मिलाकर देखें तो फिल्म ने दुनियाभर में 1,483.50 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई कर ली है। यानी 14वें दिन फिल्म का 1500 करोड़ के क्लब में शामिल होना तय है।

Ramayana vs Pushpa 2: अब किस फिल्म का रिकॉर्ड है अगला निशाना?

अब 'रामायणम्' के सामने चौथे स्थान पर मौजूद 'पुष्पा 2: द रूल' का रिकॉर्ड है। अल्लू अर्जुन की इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,742.10 करोड़ रुपए है। यानी इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 'रामायणम्' को अभी लंबा सफर तय करना होगा।