रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायणम्’ से पहले भी ‘रामायण’ पर बेस्ड कई फिल्मों की कोशिश हो चुकी है। इस रिपोर्ट में जानिए ऐसी ही तीन फिल्मों के बारे में, जो थिएटर्स तक नहीं पहुंच सकीं।
डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की फिल्म 'रामायणम् पार्ट 1' का ट्रेलर जबसे रिलीज हुआ है, तब से यह फिल्म और इसकी स्टार कास्ट लगातार चर्चा में हैं। खासकर यश का रावण अवतार खूब पसंद किया जा रहा है। लेकिन रणबीर कपूर का भगवान राम का किरदार निभाना कई लोगों और संगठनों को नहीं भा रहा है। लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं और मेकर्स की चॉइस पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रणबीर कपूर से पहले तीन अन्य सुपरस्टार राम बनते-बनते रह गए। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसका जिक्र मिल रहा है। हालांकि, कथित तौर पर वे नितेश तिवारी की नहीं, बल्कि 'रामायण' पर बनने वाली तीन अन्य फिल्मों में यह रोल करने वाले थे। यहां पढ़ें पूरी डिटेल...
ऋतिक रोशन बनने वाले थे भगवान राम!

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया है कि ऋतिक रोशन बड़े पर्दे पर भगवान राम की भूमिका निभाने वाले थे। कहा जाता है कि 2008 में ऋतिक रोशन के पूर्व ससुर संजय खान ने 'द लीजेंड ऑफ़ रामा' नाम से एक मेगा बजट फिल्म प्लान की थी। इस फिल्म में वे ऋतिक रोशन को भगवान राम के रोल में लाना चाह रहे थे। वहीं अमिताभ बच्चन को महाराज दशरथ की भूमिका में देख रहे थे। कथिततौर पर आर्थिक दिक्कतों के चलते यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका और ठंडे बस्ते में चला गया। वैसे कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जाता है कि नमित मल्होत्रा ने 'रामायणम्' में रावण का रोल ऑफर किया था। लेकिन उन्होंने व्यस्त शेड्यूल के चलते यह ठुकरा दिया और फिर यश की इसमें एंट्री हुई।
पर्दे पर राम बनते-बनते रह गए अजय देवगन

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया हैंडल्स से यह दावा भी किया जा चुका है कि 'बंटवारा 1947' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने रामायण पर बेस्ड एक फिल्म प्लान की थी। इसमें अजय देवगन को भगवान राम, काजोल को माता सीता, रितेश देशमुख को लक्ष्मण और प्रकाश राज को रावण के रोल में लेने की चर्चा थी। हालांकि, एक्टर्स के टाइट शेड्यूल और बजट की समस्याओं के चलते यह फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में ही ठन्डे बस्ते में चली गई।
सलमान खान ने शुरू कर दी थी राम के रोल की शूटिंग

कथिततौर पर सलमान खान के छोटे भाई सोहेल खान ने 'रामायण' पर एक फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी थी। इस फिल्म में उन्होंने सलमान को भगवान राम और सोनाली बेंद्रे को माता सीता के रोल में कास्ट किया था। दावा यह तक किया जाता है कि यह फिल्म 40 फीसदी तक शूट हो चुकी थी। यहां तक कि प्रमोशनल स्टिल्स भी शूट हो गए थे। लेकिन 1990 के दशक में बन रही यह फिल्म पारिवारिक खींचतान के चलते बंद हो गया। कहा जाता है कि फिल्म में अहम् रोल निभा रहीं पूजा भट्ट से सोहेल खान की नजदीकियां बढ़ गई थीं और सलीम खान इस रिश्ते के खिलाफ थे। यही विवाद फिल्म के बंद होने की वजह बना।
नोट : यह आर्टिकल सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। एशियानेट न्यूज़ हिंदी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।
