Khatron Ke Khiladi 15 से पहले रोहित शेट्टी को 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाली कथित ऑडियो धमकी मिली है। मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिल्ममेकर और Khatron Ke Khiladi 15 के होस्ट रोहित शेट्टी एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाली एक कथित ऑडियो क्लिप भेजी गई है, जिसमें पैसे न देने पर सीधे हमले की धमकी दी गई है। दावा किया जा रहा है कि यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की ओर से दी गई है। इससे पहले फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना भी हुई थी। अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।

रोहित शेट्टी को 20 करोड़ की रंगदारी की कथित धमकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शेट्टी के स्टाफ को एक कथित ऑडियो क्लिप मिली, जिसमें 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। ऑडियो में कहा गया है कि अगर रकम नहीं दी गई तो इस बार सीधे हमला किया जाएगा। धमकी में यह भी कहा गया, "रोहित शेट्टी के घर के बाहर पहले हुई फायरिंग सिर्फ ट्रेलर थी। अगर पैसे नहीं दिए गए तो अगला हमला सीधे होगा।"हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और इसकी जांच जारी है।
पुलिस ने शुरू की रोहित शेट्टी को धमकी मामले की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया, "रोहित शेट्टी के स्टाफ ने हमें धमकी भरी ऑडियो क्लिप मिलने की जानकारी दी है।" पुलिस के मुताबिक, आवाज शुबम लोणकर की होने की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जुहू पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फरवरी में रहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
1 फरवरी 2026 की आधी रात के कुछ देर बाद मुंबई के जुहू स्थित हास्य कलाकार महमूद चौक के पास रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच गोलियां चलाई गई थीं।उस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। बाद में पुलिस ने कथित शूटर दीपक शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया था, जहां वह फरार चल रहा था।
Khatron Ke Khiladi 15 के साथ हो रही टीवी पर वापसी
इन घटनाओं के बीच रोहित शेट्टी दो साल के अंतराल के बाद Khatron Ke Khiladi 15 के होस्ट के रूप में वापसी करने जा रहे हैं। इस बार शो की थीम 'डर का नया दौर' रखी गई है। शो की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में हुई है, जहां प्रतियोगियों ने गगनचुंबी इमारतों, पिंजरों, सांपों और कीड़ों के बीच कई हाई-रिस्क स्टंट किए हैं। शूटिंग पूरी होने के बाद रोहित शेट्टी ने कहा, "यह अनुभव बेहद व्यस्त, थका देने वाला और शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दर्शकों को इस बार ऐसा सीजन देखने को मिलेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। इसमें कई बड़े सरप्राइज भी होंगे।"
ये सितारे आएंगे 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर
'खतरों के खिलाड़ी' के इस सीजन में गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, अविनाश मिश्रा, ओरी, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, जैस्मिन भसीन, विशाल आदित्य सिंह, हर्ष गुजराल, अविका गौर, शगुन शर्मा और फरहाना भट्ट जैसे प्रतियोगी हिस्सा ले रहे हैं।
