रुक्मिणी वसंत ने डीपफेक वीडियो मामले में कितने सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई? वायरल वीडियो को लेकर रुक्मिणी वसंत ने क्या दावा किया? फेक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने क्या कार्रवाई शुरू की है?
नई दिल्ली: कई भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंत के डीपफेक अश्लील वीडियो मामले में 29 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ CCB साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। एक्ट्रेस ने अपनी शिकायत में कहा है कि फेक वीडियो फैलाकर उनकी छवि खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने 9 इंस्टाग्राम, 14 'X' (पहले ट्विटर) और 6 फेसबुक अकाउंट्स समेत कुल 29 सोशल मीडिया अकाउंट होल्डर्स के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब साइबर पुलिस फेक वीडियो फैलाने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

स्विमसूट में डीपफेक फोटो और वीडियो
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक्ट्रेस रुक्मिणी को स्विमसूट (बिकिनी) में फोटोशूट कराते हुए दिखाया गया था। बाद में रुक्मिणी ने साफ किया था कि यह वीडियो नकली है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी तस्वीर से डीपफेक वीडियो बनाया गया है।
डीपफेक क्या होता है?
डीपफेक (Deepfake) एक ऐसी तकनीक है जिसमें AI और मशीन लर्निंग की मदद से किसी व्यक्ति का चेहरा, आवाज़ या हाव-भाव किसी दूसरे वीडियो, फोटो या ऑडियो में इस तरह जोड़ा जाता है कि वह बिल्कुल असली लगे।
आसान भाषा में समझें
मान लीजिए किसी नेता, अभिनेता या आम व्यक्ति का वीडियो बनाया जाए, जिसमें वह ऐसी बात कहता या करता दिखे जो उसने कभी की ही नहीं। यदि यह AI की मदद से तैयार किया गया है, तो उसे डीपफेक कहा जाता है।
डीपफेक की पहचान कैसे करें?
- होंठों और आवाज़ के तालमेल को बारीकी से देखें और समझें।
- चेहरे की हरकतें असामान्य लग सकती हैं।
- आंखों की झपक कम या ज्यादा हो सकती है।
- वीडियो का सोर्स चेक करें।
- संदिग्ध सामग्री को अलग-अलग भरोसेमंद सोर्स के माध्यम से चेक करें।
