'रामायण: पार्ट 1' के 'प्रथम संकल्प' इवेंट में साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाने का अनुभव साझा किया। साई ने बताया कि यह रोल करने के लिए उन्होंने क्या किया?
नितेश तिवारी की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का प्रमोशन नई दिल्ली में 'प्रथम संकल्प' इवेंट के साथ शुरू हो गया। इस खास कार्यक्रम में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स मौजूद रहे। मंच पर माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी ने अपने रोल को लेकर भावुक बातें साझा कीं और बताया कि उन्होंने इस किरदार के लिए खुद को मानसिक रूप से पूरी तरह पवित्र रखने की कोशिश की। वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें दोनों में सिर्फ भगवान राम और माता सीता ही नजर आते हैं।
माता सीता का किरदार निभाने को लेकर साई पल्लवी ने क्या कहा?
'प्रथम संकल्प' इवेंट में साई पल्लवी ने बताया कि माता सीता का किरदार निभाना उनके लिए सिर्फ एक एक्टिंग नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा, "इस तरह का किरदार निभाने का मौका कलाकारों को आसानी से नहीं मिलता, क्योंकि किसी देवी का चरित्र निभाना बेहद आसान नहीं होता। ऐसे किरदार को पर्दे पर उतारने के लिए पूरी टीम अपना दिल और आत्मा लगा देती है, ताकि उसका सबसे बेहतरीन रूप दर्शकों के सामने आ सके।" साई पल्लवी ने आगे कहा,
मुझे नहीं लगता कि मैंने सीता मां का किरदार चुना। बल्कि मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे यह भूमिका निभाने का आशीर्वाद मिला। यह ऐसा किरदार नहीं है, जिसके पीछे भागा जा सके या पहले से तय किया जा सके कि इसे किस तरह निभाना है। मैं अक्सर ध्यान लगाकर सीता मां से प्रार्थना करती थी कि आप मेरे माध्यम से एक्टिंग कीजिए। मेरे जरिए जो भी भाव और एक्टिंग सामने आए, वही इस फिल्म के लिए आपकी इच्छा हो।
माता सीता का रोल करने के लिए साई पल्लवी ने क्या कुछ किया?
फिल्म में सीता मां का किरदार निभाने को लेकर साई पल्लवी ने बताया कि उन्होंने शूटिंग के दौरान खुद को, खासकर अपने विचारों को, जितना संभव हो सके उतना निर्मल और संतुलित बनाए रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा यही प्रयास करती थी कि कम से कम अपने विचारों में पूरी तरह शुद्ध और निष्पक्ष रहूं, ताकि इस किरदार में मैं अपने सबसे सच्चे और बेहतरीन रूप को पेश कर सकूं।"
नितेश तिवारी ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी की तारीफ में क्या कहा?
निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि किसी भी कलाकार की सच्चाई उसकी आंखों में दिखाई देती है। उन्होंने कहा, “एक कलाकार की आंखें हमेशा सच बोलती हैं। मुझे रणबीर की आंखों में भगवान राम और साई की आंखों में माता सीता दिखाई दीं। जिस तरह की सच्चाई और ईमानदारी मैं ढूंढ़ रहा था, वह मुझे सिर्फ इन खूबसूरत आत्माओं में मिली। फिल्म में मुझे रणबीर और साई नहीं दिखते, सिर्फ राम और सीता नजर आते हैं।”
'रामायण' में कौन-कौन से कलाकार नजर आएंगे?
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल, काजल अग्रवाल, विवेक ओबेरॉय समेत कई बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। मेकर्स के अनुसार 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि 'रामायण: पार्ट 2' दिवाली 2027 पर दर्शकों के बीच आएगी।
