Sambhavna Seth Domestic Worker: बिग बॉस फेम संभावना सेठ ने अपनी घरेलू सहायिका की बहन को कथित बंधक बनाए जाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में खुलासा किया। पीड़िता को बचाने के बाद मुंबई में FIR दर्ज हुई।

'बिग बॉस' फेम अभिनेत्री और यूट्यूबर संभावना सेठ इन दिनों एक गंभीर मामले को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में संभावना और उनके पति अविनाश द्विवेदी ने खुलासा किया था कि उन्हें पूरी रात पुलिस स्टेशन में बितानी पड़ी। अब उन्होंने बताया है कि यह मामला उनकी घरेलू सहायिका (मेड) गुड़िया की बहन से जुड़ा था, जिसे कथित तौर पर बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया था।

सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गंभीर आरोप

संभावना सेठ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दावा किया कि उनकी घरेलू सहायिका की बहन को कथित रूप से एक बॉम्बे हाई कोर्ट की वकील और उसके पति ने बंधक बनाकर रखा था। अभिनेत्री के मुताबिक, पीड़िता को कई दिनों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। संभावना ने आरोप लगाया कि पीड़िता को न तो पर्याप्त खाना दिया जाता था और न ही उसकी सैलरी दी गई। उसे बेहद खराब परिस्थितियों में रहने के लिए मजबूर किया गया और फ्लैट में मौजूद 5 कुत्तों और 13 पर्शियन बिल्लियों सहित कुल 18 पालतू जानवरों का मल-मूत्र साफ करवाया जाता था।

और पढ़ें - सगाई हुई लेकिन शादी नहीं हो पाई, 7 सेलिब्रिटी कपल बनते-बनते रह गए पति-पत्नी

मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

अभिनेत्री के अनुसार, पीड़िता के साथ कथित तौर पर शारीरिक हिंसा की गई, उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। फिलहाल युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और इस मामले में मुंबई के गोरेगांव स्थित बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

View post on Instagram

PETA India से भी की अपील

संभावना सेठ ने अपनी पोस्ट में PETA India को टैग करते हुए उन पालतू जानवरों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जानवर अभी भी उसी फ्लैट में मौजूद हैं और कथित तौर पर खराब परिस्थितियों में रह रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस मामले पर भी ध्यान देने की अपील की।

और पढ़ें - SRK-सलमान खान या आमिर खान, तीनों में किसकी हाइट ज्यादा? क्या बता पाएंगे आप

व्लॉग में सुनाई पूरी आपबीती

अपने हालिया व्लॉग में संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस को इस मामले से जुड़े कई सबूत सौंपे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संभावना के मुताबिक, गुड़िया की बहन तभी वहां से निकल सकी जब उसी सोसायटी की एक महिला उसकी मदद के लिए पहुंची। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और इसी दौरान संभावना ने पीड़िता से वहां से भागने के लिए कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी दंपति ने उसे रोकने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी भी दी।

मानसिक और शारीरिक रूप से सदमे में थी पीड़िता

संभावना सेठ ने बताया कि जब उन्होंने पीड़िता से मुलाकात की तो वह मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद डरी हुई थी। अभिनेत्री के अनुसार, युवती लगातार कांप रही थी और सदमे में दिखाई दे रही थी। वहीं, घरेलू सहायिका गुड़िया ने भावुक होकर संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अगर दोनों समय पर मदद नहीं करते तो उनकी बहन शायद जिंदा नहीं बचती। गुड़िया ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास किसी के साथ अत्याचार हो रहा हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।