TV Actor Rajesh Kumar Agriculture Loss and Financial Crisis : साराभाई वर्सेस साराभाई 'रोशेश' यानी राजेश कुमार ने खुलासा किया कि एक्टिंग छोड़ खेती करने का फैसला उन्हें भारी पड़ गया। आर्थिक तंगी, कर्ज और रिकवरी एजेंट की गालियों तक का सामना करना पड़ा।
टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में रोशेश साराभाई का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता राजेश कुमार ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का खुलासा किया है। एक समय ऐसा था जब उनके पास लगातार काम था, लेकिन करियर के शिखर पर उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेकर खेती करने का फैसला किया। यह फैसला उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद भारी साबित हुआ। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राजेश कुमार ने बताया कि खेती के दौरान उन्हें इतना बड़ा नुकसान हुआ कि उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह डगमगा गई। हालात ऐसे बन गए कि उन्हें अपनी कार बेचनी पड़ी और कर्ज न चुका पाने पर क्रेडिट कार्ड रिकवरी एजेंट्स की बदसलूकी भी झेलनी पड़ी।
42 साल की उम्र में लिया जिंदगी बदलने वाला फैसला
राजेश कुमार ने बताया कि जब उनका अभिनय करियर बेहतरीन दौर में था, तब उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में एक्टिंग से कुछ समय का ब्रेक लेने का फैसला किया। उन्होंने खेती को अपना नया रास्ता बनाया, लेकिन यह सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अभिनेता के मुताबिक, खेती में हुए नुकसान ने उनकी वर्षों की कमाई और आर्थिक स्थिरता को प्रभावित किया। हालांकि वह इस अनुभव को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सबक मानते हैं।
और पढ़ें - सुरभि चंदना का पीसफुल हाउस, बोहेमियन डिजाइन पर सजाया, देखें लग्जरी इंटीरियर Photos
खेती में लगा सबकुछ, फिर शुरू हुआ संघर्ष
राजेश कुमार ने बताया कि खेती में उन्होंने अपनी पूरी ऊर्जा और पूंजी लगा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें अपनी निजी कार तक बेचनी पड़ी। इतना ही नहीं, जिन किसानों के साथ वह काम कर रहे थे, उन्हें भुगतान न कर पाने की वजह से अपनी गाड़ी भी उन्हें देनी पड़ी।
रिकवरी एजेंट की गालियां भी सुननी पड़ीं
अपने सबसे कठिन दौर को याद करते हुए अभिनेता ने बताया कि कर्ज न चुका पाने की वजह से क्रेडिट कार्ड रिकवरी एजेंट लगातार उन्हें फोन करते थे। कई बार वे उनके अपार्टमेंट के नीचे मौजूद चौकीदार तक को फोन कर उनके बारे में अपमानजनक बातें कहते थे। यह समय उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। हालांकि राजेश कुमार का कहना है कि इतनी परेशानियों के बावजूद उन्होंने खुद को मानसिक रूप से टूटने नहीं दिया। उन्होंने डिप्रेशन या नकारात्मक सोच को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।
पांच साल ने बदल दी पूरी सोच
राजेश कुमार ने कहा कि खेती में बिताए गए पांच सालों ने उन्हें एक बेहतर इंसान बनाया। इस दौरान उन्होंने संघर्ष, दर्द, अपमान और जीवन की वास्तविकताओं को करीब से महसूस किया। उनका मानना है कि यही अनुभव उन्हें पहले से ज्यादा जमीन से जुड़ा और मजबूत इंसान बनाकर लौटाया।
और पढ़ें - पाकिस्तान में छाएं रामायण के VFX, पाकिस्तानी यूट्यूबर्स बोले- 'इतना बड़ा प्रोजेक्ट कैसे बना लिया?'
2022 में फिर की एक्टिंग में वापसी
कठिन दौर के बाद राजेश कुमार ने साल 2022 में दोबारा अभिनय की दुनिया में वापसी की। वापसी के बाद उन्होंने खुद को सिर्फ कॉमेडी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का फैसला किया।
इन वेब सीरीज और फिल्मों में आए नजर
राजेश कुमार हाल के वर्षों में कई चर्चित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं। उनकी वेब सीरीज 'ये मेरी फैमिली' को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा वह 'राणा नायडू' और 'फ्रीडम एट मिडनाइट' जैसी वेब सीरीज में भी दिखाई दिए। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने 'सैयारा', 'है जवानी तो इश्क होना है', 'निशांची' समेत कई फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
