शबाना आज़मी ने संसद मार्च में शामिल हो शांतिपूर्ण विरोध का समर्थन किया और सरकार से संवाद की मांग की। कविता कौशिक- विद्या मालवड़े ने भी छात्रों का साथ दिया।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के बीच एक्ट्रेस शबाना आज़मी सोमवार को 'संसद चलो' मार्च में शामिल हुईं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ संसद की ओर मार्च करते हुए शांतिपूर्ण विरोध को संविधान से मिला अधिकार बताया और सरकार से बातचीत शुरू करने की अपील की। शबाना ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने और जावेद अख्तर ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संवाद की पहल करने का अनुरोध किया था। वहीं एक्ट्रेस कविता कौशिक और विद्या मालवड़े ने भी सोशल मीडिया के जरिए छात्रों का समर्थन करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन और न्याय की मांग का समर्थन किया।
संसद मार्च में शबाना आज़मी ने क्या कहा?
शबाना आज़मी प्रदर्शनकारियों और छात्रों के साथ संसद की ओर मार्च करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने कहा, "हम यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने आए हैं। यह अधिकार हमें हमारे संविधान ने दिया है। महात्मा गांधी ने हमें अहिंसा का रास्ता सिखाया है। हमारा किसी भी तरह की हिंसा करने का कोई इरादा नहीं है।" शबाना आज़मी ने मीडिया से कहा कि आंदोलन की असली मांगों से ध्यान नहीं भटकाना चाहिए। उन्होंने कहा, "आप सिर्फ इस बात की चिंता कर रहे हैं कि बॉलीवुड के कलाकार मार्च में क्यों नहीं हैं। आप कभी यह नहीं पूछते कि बड़े उद्योगपति या कारोबारी क्यों नहीं हैं। ऐसे सवाल पूछकर आप असली मुद्दे को पीछे कर देते हैं और बेवजह विवाद पैदा करते हैं। आपको इस मुद्दे के लिए मार्च कर रहे लोगों का समर्थन करना चाहिए, न कि मामले की गंभीरता को कम करना चाहिए।"
यह भी पढ़ें : संसद के बाहर प्रदर्शन हुआ हिंसक! अभिजीत दीपके की हिरासत पर दावे-प्रतिदावे, कई लोग घायल
प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र पर क्या बोलीं शबाना आजमी?
शबाना आज़मी ने बताया कि उन्होंने और उनके पति जावेद अख्तर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बातचीत शुरू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा। जावेद साहब ने भी पत्र लिखकर कहा कि कृपया सिर्फ बातचीत शुरू करिए। हम प्रेस के पास नहीं जा रहे हैं और इसे सार्वजनिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते। हम राज्यसभा के पूर्व सांसद होने के नाते सिर्फ इतना कह रहे हैं कि हमारी बात सुन लीजिए। पहले हमें जवाब मिला कि दो दिन में उत्तर मिलेगा, लेकिन दो, तीन और चार दिन तक कोई जवाब नहीं आया। पांचवें दिन हम यहां आ गए।"
कविता कौशिक ने दिल्ली पुलिस से क्या अपील की?
FIR फेम एक्ट्रेस कविता कौशिक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर दिल्ली पुलिस से अपील की। उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस, मैं आपसे एक अनुरोध करना चाहती हूं। आपके भी परिवार हैं—माता-पिता, बच्चे, भाई-बहन और रिश्तेदार। भगवान न करे कि कभी उन्हें इलाज की जरूरत पड़े, तब आप भी चाहेंगे कि उनका इलाज किसी योग्य डॉक्टर से हो, किसी फर्जी डॉक्टर से नहीं। यही वजह है कि ये छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इसलिए चाहे कुछ भी हो जाए, देश के बच्चों और नागरिकों पर हाथ मत उठाइए। उन्हें चोट मत पहुंचाइए। बस मेरी यही अपील है। उनके सामने अपनी ताकत मत दिखाइए।"
यह भी पढ़ें: कहीं पीठ पर लाठियों के निशान तो कहीं बिखरी चप्पलें, जंतर-मंतर की 7 सबसे लेटेस्ट तस्वीरें
विद्या मालवड़े ने छात्रों के समर्थन में क्या लिखा?
शाहरुख़ खान स्टारर 'चक दे इंडिया' फेम एक्ट्रेस विद्या मालवड़े ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "इस समय हमारे देश में जो कुछ हो रहा है, उसे देखकर दिल टूट जाता है। सोनम वांगचुक जी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह सिर्फ निराशाजनक ही नहीं बल्कि डराने वाला भी है। लेकिन गीतांजलि मैडम ने जिस गरिमा और संयम का परिचय दिया है, वही इस महान देश की असली पहचान है।" उन्होंने आगे लिखा, "क्या हर नागरिक को अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है? यह समझ से परे है कि आखिर इन युवा छात्रों को अपनी जान देने जैसे कदम उठाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा। इन छात्रों को संवाद और न्याय मिलना चाहिए और मैं उनके साथ खड़ी हूं। चक दे इंडिया!"
क्या है CJP के प्रोटेस्ट का पूरा मामला?
सोनम वांगचुक ने CJP का सपोर्ट करते हुए 28 जून से कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। आंदोलन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने, उनके इस्तीफे की मांग, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस पूरे मुद्दे पर सरकार के साथ खुली बातचीत होनी चाहिए।18 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन कथिततौर पर वहां भी उनकी भूख हड़ताल जारी है।
