Shagufta Ali on Karisma Kapoor attitude: अभिनेत्री शगुफ्ता अली ने गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी टूटने पर अपनी राय दी है। उनके अनुसार, समय के साथ दोनों की एक्साइटमेंट खत्म हो गई होगी। उन्होंने करिश्मा में काफी 'एटीट्यूड' होने का दावा किया।

90 के दशक में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सुपरहिट जोड़ियों में गिनी जाती थी। दोनों ने साथ मिलकर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हालांकि, समय के साथ यह जोड़ी बड़े पर्दे से गायब हो गई। अब वर्षों बाद अभिनेत्री शगुफ्ता अली ने इस सुपरहिट जोड़ी के अलग होने की वजह पर अपनी राय रखी है। उन्होंने करिश्मा कपूर की प्रोफेशनल लाइफ और सेट पर उनके बिहेवियर को लेकर भी खुलकर बात की।

गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी टूटने पर क्या बोलीं शगुफ्ता अली?

हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में शगुफ्ता अली ने कहा कि उन्हें लगता है कि समय के साथ गोविंदा और करिश्मा कपूर के बीच काम करने का उत्साह खत्म हो गया होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार के रिश्तों और सोच में बदलाव आ सकता है और यही वजह रही होगी कि दोनों ने साथ काम करना कम कर दिया। शगुफ्ता ने कहा कि उनका मानना है कि जरूरत से ज्यादा महत्वाकांक्षी होना कई बार रिश्तों और प्रोफेशनल तालमेल पर असर डालता है। उन्होंने करिश्मा कपूर को बेहद मेहनती अभिनेत्री बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उनमें काफी एटीट्यूड देखने को मिलता था।

और पढ़ें - OTT पर छाए विक्रांत मैसी, ये 7 फिल्में और वेब सीरीज बिल्कुल न करें मिस

'सेट पर बिहेवियर भी बहुत मायने रखता है'

शगुफ्ता अली ने बातचीत के दौरान कहा कि किसी भी कलाकार की सफलता केवल उसकी एक्टिंग पर निर्भर नहीं करती, बल्कि सेट पर उसका व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। उनके मुताबिक, जब दो कलाकार साथ काम करते हैं तो दोनों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और बराबरी का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सह-कलाकार आपके लिए सीन में मौजूद रहता है और आपको बेहतर परफॉर्मेंस करने में मदद करता है, तो बदले में आपको भी वही सपोर्ट देना चाहिए। शगुफ्ता ने बताया कि उन्होंने अपने 40 साल के करियर में हमेशा इसी प्रोफेशनल अप्रोच को अपनाया है और यही वजह है कि वह इतने लंबे समय तक इंडस्ट्री में बनी रहीं।

'हीरो नंबर 1' में साथ किया था काम

शगुफ्ता अली और करिश्मा कपूर ने 1997 में रिलीज हुई डेविड धवन की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'हीरो नंबर 1' में साथ काम किया था। इस फिल्म में गोविंदा, परेश रावल, कादर खान, सतीश शाह और टीकू तलसानिया जैसे कई दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके अलावा गोविंदा और करिश्मा कपूर ने कुली नंबर 1, राजा बाबू, साजन चले ससुराल, हसीना मान जाएगी, शिकारी जैसी कई सफल फिल्मों में साथ काम किया और लंबे समय तक बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा ऑनस्क्रीन जोड़ियों में शामिल रहे।

और पढ़ें - Vrindavan VIP विवाद में घिरीं दीपिका सिंह, सफाई में बोलीं- 'असली सच कुछ और है...'

करिश्मा कपूर का हालिया प्रोजेक्ट

वर्क फ्रंट की बात करें तो करिश्मा कपूर हाल ही में साइकोलॉजिकल थ्रिलर वेब सीरीज 'ब्राउन' में नजर आई थीं। इस सीरीज में उन्होंने एक जासूस की भूमिका निभाई थी। उनके साथ सूर्या शर्मा, जिशु सेनगुप्ता, सोनी राजदान और अजिंक्य देव भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई दिए। इस सीरीज को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से पॉजिटिव रिएक्शन मिली और यह ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर स्ट्रीम हो रही है।

शगुफ्ता अली के बयान ने छेड़ी नई बहस

शगुफ्ता अली का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग उनके अनुभव को व्यक्तिगत राय मान रहे हैं, जबकि कई फैंस करिश्मा कपूर के समर्थन में भी उतर आए हैं। फिलहाल करिश्मा कपूर की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।