शाहरुख खान ने अपने लग्जरी कार कलेक्शन में नई मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास जोड़ी है। इस कार की शुरुआती कीमत 1.4 करोड़ रुपए है। उनके कलेक्शन में पहले से ही रॉल्स रॉयस और बुगाटी जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं।
मुंबई: बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान के पास बुगाटी से लेकर रॉल्स रॉयस तक, एक से बढ़कर एक लग्जरी गाड़ियां हैं। इंडस्ट्री के सबसे अमीर एक्टर्स में से एक शाहरुख ने अब अपने कलेक्शन में एक और शानदार कार जोड़ी है। उन्होंने नई मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास खरीदी है। इस कार के नए वर्जन की बुकिंग पिछले साल मार्च में शुरू हुई थी और अब इसकी डिलीवरी शाहरुख को मिल गई है।
शाहरुख की नई कार की कीमत क्या है?
शाहरुख खान ने जो मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास खरीदी है, उसकी शुरुआती कीमत 1.4 करोड़ रुपए है। यह कार पेट्रोल और डीजल, दोनों ऑप्शन में आती है। हालांकि, शाहरुख ने कौन-सा वैरिएंट खरीदा है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। वैरिएंट और एक्सेसरीज के हिसाब से कार की कीमत और बढ़ जाती है। सेफ्टी के लिए इसमें 7 एयरबैग, EBD, ABS, हिल असिस्ट, ड्राइवर अटेंशन असिस्टेंट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, ऑटो होल्ड, 360-डिग्री कैमरा और ऑटो-डिमिंग रियर व्यू मिरर जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं।
शाहरुख खान का कार कलेक्शन
शाहरुख के गैराज में पहले से ही कई महंगी गाड़ियां खड़ी हैं। इनमें लेक्सस एलएम 350एच, रॉल्स रॉयस कलिनन ब्लैक बैज, बुगाटी वेरॉन, बेंटले कॉन्टिनेंटल जीटी, बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज और बीएमडब्ल्यू 8 सीरीज जैसी कारें शामिल हैं। अब इस लिस्ट में मर्सिडीज वी-क्लास का नाम भी जुड़ गया है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान फिलहाल सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बन रही फिल्म 'किंग' में काम कर रहे हैं। हालांकि, ईरान-इजरायल युद्ध के चलते फिल्म की शूटिंग फिलहाल रुकी हुई है। फिल्म की शूटिंग अरब देशों में होनी थी, लेकिन युद्ध के कारण इसे टाल दिया गया है। 19 अप्रैल से दुबई में शूटिंग शुरू होनी थी, लेकिन बढ़ते तनाव को देखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया है।


