टॉम हॉलैंड की हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारत में रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग की। यह भारत में हॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनर बनी है। साथ 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है।

मार्वल की हालिया रिलीज फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए इतिहास रच दिया है। टॉम हॉलैंड स्टारर इस सुपरहीरो फिल्म ने पहले दिन भारत में इतनी कमाई की कि यह इंडिया में अब तक की सबसे बड़ी हॉलीवुड ओपनर बन गई है। इतना ही नहीं, इसने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 2026 की बस एक फिल्म को छोड़ बाकी सभी मूवीज को पीछे छोड़ दिया है। 61 से 63 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड ओपनिंग दर्ज की है। शानदार एडवांस बुकिंग, जबरदस्त ऑक्यूपेंसी और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर फिल्म अब नए बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है।

Spider Man Brand New Day Day 1 Collection

ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक़, 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारत में पहले दिन 61.52 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही इस फिल्म ने 2019 का ओपनिंग का वह रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो 'एवेंजर्स: एंडगेम' के पास था। उस वक्त 'एवेंजर्स: एंडगेम' ने पहले दिन 53.10 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर भारत में सबसे बड़ी ओपनर हॉलीवुड फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम किया था, जो अब 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के पास है।

भारत में 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बनी 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे'

अगर भारत में 2026 की 5 सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों की बात करें तो 2 घंटे 25 मिनट की स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। इसने प्रभास स्टारर 'द राजा साब', राम चरण की 'पेद्दी', और थलापति विजय की 'जन नायकन' के पहले दिन के कलेक्शन को पछाड़ दिया है और पवन कल्याण स्टारर 'उस्ताद भगत सिंह' को टॉप 5 की लिस्ट से बाहर कर दिया है, जिसने पहले दिन 34.75 करोड़ रुपए कमाए थे।

भारत में 2026 की 5 सबसे बड़ी ओपनर फ़िल्में

नं.फिल्मभारत में पहले दिन का कलेक्शन
1धुरंधर 2 : द रिवेंज (बॉलीवुड)102.39 करोड़ रुपए
2स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे (हॉलीवुड)61.5 करोड़ रुपए
3द राजा साब (तेलुगु)53.75 करोड़ रुपए
4पेद्दी (तेलुगु)51 करोड़ रुपए
5जन नायकन (तमिल)42.70 करोड़ रुपए

मल्टीप्लेक्स में कैसा रहा 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का प्रदर्शन?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश की टॉप तीन नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन से ही फिल्म ने पहले दिन करीब 32 करोड़ रुपए का कारोबार किया। यानी कुल कलेक्शन का लगभग 52 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ इन चेन से आया, जो किसी हॉलीवुड फिल्म के लिए बेहद मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि चार दिनों के पहले वीकेंड में फिल्म 225 करोड़ रुपए के आसपास का कलेक्शन कर सकती है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो फिल्म भारत में 400 करोड़ रुपए के आंकड़े तक पहुंच सकती है।

'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' तोड़ेगी 'अवतार' का रिकॉर्ड?

फिलहाल भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' है, जिसने करीब 373 करोड़ रुपए का नेट कारोबार किया था। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है और भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन सकती है।

स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का अगला बड़ा मुकाबला किससे होगा?

अगर फिल्म 400 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लेती है, तब भी यह रिकॉर्ड लंबे समय तक सुरक्षित रहे, इसकी गारंटी नहीं है। साल के आखिर में रिलीज होने वाली 'एवेंजर्स: डूम्सडे' भी इस रिकॉर्ड को चुनौती देने वाली सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही है।