सुमोना चक्रवर्ती ने बताया कि मई में उनकी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई थी। दो महीने की रिकवरी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लौटकर अपनी हेल्थ जर्नी साझा की।

Sumona Chakravarti Health Update: टीवी एक्ट्रेस सुमोना चक्रवर्ती पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया से दूर थीं। अब उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट शेयर कर इसकी वजह बताई है। सुमोना ने खुलासा किया कि मई महीने में उनकी एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) की सर्जरी हुई थी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से ठीक होने में करीब दो महीने का समय लगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सुमोना चक्रवर्ती ने दिया हेल्थ अपडेट

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में सुमोना ने लिखा, "लंबे समय बाद वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। पिछले दो महीनों से मैं पूरी तरह दुनिया से दूर रही। 4 मई को एंडोमेट्रियोसिस को हटाने के लिए मेरी सर्जरी हुई। कई सालों तक इसे मैनेज करने की कोशिश की, लेकिन यह काफी बढ़ चुका था। आखिरकार मुझे लगा कि अब इससे हमेशा के लिए छुटकारा पाने का समय आ गया है।" उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने उन्होंने सिर्फ अपनी रिकवरी पर ध्यान दिया।

View post on Instagram

दो महीने तक चली फिजिकल और मेंटल रिकवरी

सुमोना ने आगे लिखा, "मैंने पिछले दो महीने शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को ठीक करने में बिताए हैं। आज मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकती हूं कि मैं ठीक हूं। बल्कि पहले से कहीं ज्यादा बेहतर महसूस कर रही हूं।" उन्होंने अपनी डॉक्टर डॉ. अंशुमाला कुलकर्णी और उनकी पूरी मेडिकल टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने इलाज के दौरान हर कदम पर उनका साथ दिया। सुमोना ने लिखा, "मेरी डॉक्टर और उनकी टीम मेरे लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं हैं। उन्होंने न सिर्फ मेरा इलाज किया, बल्कि उस दर्द और संघर्ष को भी समझा, जिससे मैं गुजर रही थी। इसके लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी।"

सर्जरी के निशानों पर क्या बोलीं सुमोना?

सुमोना ने अपनी पोस्ट में सर्जरी के बाद शरीर पर बने निशानों का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "सर्जरी के बाद अब मेरे पेट पर तीन निशान हैं। मुझे पता है कि समय के साथ ये हल्के पड़ जाएंगे। लेकिन आज भी जब मैं इन्हें देखती हूं तो थोड़ा बुरा लगता है। फिर मैं खुद को याद दिलाती हूं कि ये निशान उस जिंदगी का सबूत हैं जिसे मैंने जिया है।" उन्होंने आगे कहा, "38 साल की उम्र में मुझे महसूस हो रहा है कि बढ़ती उम्र से डरना नहीं चाहिए। उम्र बढ़ना अपने आप में एक सौभाग्य है। अगर इसके साथ थोड़ी और समझदारी, बेहतर नजरिया, ज्यादा कृतज्ञता और कुछ निशान मिलते हैं, तो मैं इन सभी को खुशी-खुशी स्वीकार करूंगी।"

सोशल मीडिया को अलग नजरिए से इस्तेमाल करना चाहती हैं सुमोना

सुमोना ने बताया कि अब वह सोशल मीडिया को सिर्फ तस्वीरें और वीडियो शेयर करने का माध्यम नहीं बनाना चाहतीं, बल्कि इसे ऐसी जगह बनाना चाहती हैं जहां लोग खुलकर जरूरी मुद्दों पर बात कर सकें। उन्होंने कहा कि वह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, एंडोमेट्रियोसिस, पेरिमेनोपॉज, सामान्य वेलनेस, ट्रैवल, बुक्स, पौधों की देखभाल, फूड, पालतू जानवर जैसे विषयों पर बात कर सकें।

एंडोमेट्रियोसिस क्या है?

एंडोमेट्रियोसिस एक लंबे समय तक रहने वाली सूजन (Chronic Inflammatory Disease) से जुड़ी बीमारी है। इसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत (Endometrium) जैसे टिश्यू गर्भाशय के बाहर शरीर के अन्य हिस्सों में बढ़ने लगते हैं। ये टिश्यू एस्ट्रोजन हार्मोन पर प्रतिक्रिया करते हैं और हर मासिक चक्र के दौरान सूजन, दर्द और फाइब्रोसिस जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। स बीमारी की पहचान कई बार समय पर नहीं हो पाती, क्योंकि इसके लक्षण दूसरी कई बीमारियों से मिलते-जुलते हो सकते हैं।