Sunny Deol and SRK Darr Controversy: 1993 में रिलीज हुई ‘डर’ में सनी देओल ने सुनील मल्होत्रा का किरदार निभाया था, जबकि शाहरुख खान राहुल के रोल में नजर आए थे। लेकिन अचानक उनके और फिल्म के मेकर्स के बीच मतभेद शुरू हो गए।

सनी देओल और शाहरुख खान की फिल्म ‘डर’ बॉलीवुड की उन फिल्मों में गिनी जाती है, जिसकी कहानी से ज्यादा उसके किरदारों और दोनों सितारों के बीच की अनबन ने सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में सनी देओल हीरो बने थे, जबकि शाहरुख खान ने जुनूनी विलेन राहुल मेहरा का किरदार निभाकर खूब वाहवाही लूटी। हालांकि, फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं। अब सालों बाद सनी देओल ने शाहरुख के साथ अपने रिश्ते, इनसिक्योरिटी और उस दौर को लेकर खुलकर बात की है।

शुभंकर मिश्रा के साथ बातचीत में सनी देओल से शाहरुख खान के साथ उनके रिश्ते और ‘डर’ के दिनों को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेता ने माना कि उस दौर में दोनों के बीच कुछ मतभेद जरूर रहे होंगे, लेकिन उन्होंने कभी खुद को इनसिक्योर महसूस नहीं किया। सनी ने कहा कि वह कभी भी सेट पर इनसिक्योर नहीं रहे। हालांकि, उनके मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री में कई एक्टर्स अपने किरदारों और स्टार इमेज को लेकर असुरक्षित महसूस करते हैं और इसी वजह से कई बार ऐसी चीजें हो जाती हैं, जिन्हें आसानी से टाला जा सकता है।

‘एक्टर अपने किरदार से आगे नहीं जा पाते’

सनी देओल ने एक्टर्स की इनसिक्योरिटी पर बात करते हुए कहा कि कई बार कलाकार अपने किरदार से आगे नहीं देख पाते। उन्हें लगता है कि उनका किरदार ही सब कुछ है और इसी सोच की वजह से सेट का माहौल भी प्रभावित हो सकता है। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री में यह एक हकीकत है। कई कलाकारों को लगता है कि अगर किसी दूसरे कलाकार का किरदार ज्यादा चर्चा में आ गया तो इसका असर उनके स्टारडम पर पड़ सकता है। यही इनसिक्योरिटी कई बार रिश्तों में भी खटास पैदा कर देती है।

और पढ़ें - 'Toxic' Vs ‘धुरंधर’ का होना था बॉक्स ऑफिस क्लैश? रिलीज टालने पर यश बोले- ‘100-200 करोड़ कमाई...'

आज शाहरुख को दोस्त नहीं, कलीग मानते हैं सनी

जब सनी देओल से पूछा गया कि क्या वह आज शाहरुख खान को अपना दोस्त मानते हैं, तो उन्होंने रिश्ते को काफी प्रोफेशनल तरीके से परिभाषित किया। सनी ने कहा कि शाहरुख उनके दुश्मन भी नहीं हैं और इंडस्ट्री में सभी लोग एक-दूसरे के कलीग हैं। उन्होंने साफ किया कि फिल्म इंडस्ट्री में वह अपने साथी कलाकारों को कलीग मानते हैं। उनके बयान से साफ है कि ‘डर’ के समय की कड़वाहट अब उनके रिश्ते को उसी तरह प्रभावित नहीं करती, लेकिन दोनों के बीच कोई बेहद करीबी दोस्ती भी नहीं है।

‘डर’ में शाहरुख के विलेन ने मचा दी थी सनसनी

1993 में रिलीज हुई ‘डर’ में सनी देओल ने सुनील मल्होत्रा का किरदार निभाया था, जबकि शाहरुख खान राहुल के रोल में नजर आए थे। शाहरुख का जुनूनी और खतरनाक अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि फिल्म के बाद उनका किरदार ही सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया। सनी देओल ने पहले भी फिल्म में विलेन को जिस तरह ग्लोरिफाई किया गया था, उस पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उनका कहना था कि उन्हें यह नहीं बताया गया था कि फिल्म में विलेन को इस तरह पेश किया जाएगा। यही बात उनके और फिल्म के मेकर्स के बीच मतभेद की एक बड़ी वजह बनी।

और पढ़ें - सनी देओल क्यों नहीं करते विज्ञापन? हाई बजट पान मसाला ऐड के लिए साफ No

‘मेरा इश्यू सिर्फ इतना था...’

सनी के मुताबिक, फिल्म में उन्हें इस बात से परेशानी थी कि दर्शकों के सामने विलेन को इस तरह पेश किया गया कि उसकी हरकतों को भी ग्लैमराइज किया गया। उनका मानना था कि अगर उन्हें पहले से पता होता कि कहानी इस तरह पेश की जाएगी, तो शायद स्थिति अलग होती। हालांकि, समय के साथ दोनों सितारों के बीच की कड़वाहट काफी हद तक कम होती दिखाई दी। खासकर ‘गदर 2’ की सफलता के मौके पर शाहरुख खान और सनी देओल के बीच गर्मजोशी देखने को मिली थी।

क्या फिर साथ काम करेंगे सनी और शाहरुख?

सनी देओल ने शाहरुख खान के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर करने की संभावना से इनकार नहीं किया है। उन्होंने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि अगर शाहरुख के पास उनके लिए कोई अच्छा किरदार है और उनके पास भी शाहरुख के लिए कोई अच्छी कहानी या रोल है, तो दोनों साथ काम कर सकते हैं। सनी ने माना कि यह एक अलग दौर होगा और उन्हें साथ काम करना अच्छा लगेगा। हालांकि, अभी तक दोनों के किसी नए प्रोजेक्ट में साथ आने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

‘डर’ की कड़वाहट अब पीछे छूट चुकी है

सनी देओल और शाहरुख खान के बीच ‘डर’ के दौरान जो भी मतभेद रहे हों, आज दोनों अपने-अपने करियर में काफी आगे निकल चुके हैं। सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी दमदार वापसी कर चुके हैं, वहीं शाहरुख खान भी बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में अपनी जगह कायम रखे हुए हैं। सनी के ताजा बयान से इतना जरूर साफ है कि वह पुराने विवाद को लेकर अब किसी तरह की कड़वाहट नहीं रखते। उनके लिए बॉक्स ऑफिस से ज्यादा जरूरी है कि वह दर्शकों से किए वादे को पूरा करें और अच्छे किरदार निभाते रहें।